Flydubai Flight Incident: तेल अवीव जा रही फ्लाइट को क्रैश करने की थी कोशिश, बीच उड़ान में एक दूसरे से भिड़े पायलट, घबराए पैसेंजर्स ने सुनाई भयानक आपबीती

तेल अवीव जा रही फ्लाइट को क्रैश करने की थी कोशिश, बीच उड़ान में एक दूसरे से भिड़े पायलट, घबराए पैसेंजर्स ने सुनाई भयानक आपबीती
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट को एक पायलट ने क्रैश कर करवाने की कोशिश की थी। साथ ही हाईजैकिंग के दावे भी सामने आ रहे थे, इसी बीच यात्रियों ने अपना दुख शेयर किया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में अचानक से ऐसी स्थिति बन गई थी, जिससे यात्रियों में डर का माहौल बन गया था। विमान ने सऊदी अरब के ऊपर उड़ते वक्त पहले इमरजेंसी सिग्नल भेजा था। उसके कुछ देर बाद हाईजैकिंग के संकेत भी मिले हैं। इसके बाद इजरायल में सुरक्षा अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है और बेंजामिन नेतन्याहू ने इमरजेंसी बैठक की है। बाद में विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उतारा गया है। यात्रियों के मुताबिक, विमान के अंदर पायलटों के बीच झगड़ा हुआ था। साथ ही कुछ लोगों ने कॉकपिट में खून भी देखा था। ऐसा बताया जा रहा है कि कुछ यात्रियों और क्रू ने मिलकर एक पायलट को काबू में करने में मदद की है।

इमरजेंसी सिग्नल से मचा हड़कंप

फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में करीब 180 यात्री सवार थे। सऊदी अरब के ऊपर पहुंचने के बाद विमान ने पहले 7700 सिग्नल भेजा, जो कि सामान्य तौर पर बड़ी इमरजेंसी के लिए इस्तेमाल होता है। इसके बाद कुछ समय के लिए 7500 कोड भेजा गया। यह विमान के अपहरण या जबरन कंट्रोल लेने जैसी स्थिति का संकेत देता है।

यात्रियों ने क्या बताया?

'द टाइम्स ऑफ इजराइल' की रिपोर्ट के अनुसार, विमान में बैठे लोगों ने चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनीं। कुछ यात्रियों ने बताया कि कॉकपिट खुलने पर वहां खून दिखाई दिया और एक महिला यात्री ने कहा कि एक पायलट को चाकू से चोट लगी थी। हालांकि, इन बातों की पूरी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

पायलटों के बीच हुआ झगड़ा

रिपोर्ट के मुताबिक, विमान में पायलटों के बीच हाथापाई हुई और इस दौरान कुछ दूसरे क्रू मेंबर और यात्रियों ने स्थिति संभालने में मदद की थी। ऐसा बताया जा रहा है कि विमान में सादे कपड़ों में पायलटों की एक दूसरी टीम भी मौजूद थी और उन्होंने भी लोगों की मदद करने में पूरा साथ दिया है।

विमान को तबुक में उतारा गया

हाईजैक के संकेत के बाद इजराइल में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अधिकारियों के साथ इमरजेंसी बैठक की और इसके बाद फ्लाइट को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर लैंड करा दिया गया था। वहीं, इजराइल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने चैनल 12 को बताया कि विमान में एक बड़ी घटना होने से बच गई है। रिपोर्ट के अनुसार, जांच इस बात पर भी हो रही है कि क्या को-पायलट ने विमान का कंट्रोल लेकर उसे नीचे गिराने की कोशिश की थी। हालांकि, अभी इस दावे की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

9/11 और एंटेबे का जिक्र क्यों आया?

चैनल 12 की रिपोर्ट में एक इजराइली अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि अगर फ्लाइट में मौजूद दूसरे पायलट समय पर मदद नहीं करते, तो मामला बहुत गंभीर हो सकता था। अधिकारी ने इसकी तुलना 1976 की एंटेबे घटना और 2001 के 9/11 हमलों जैसी बड़ी घटनाओं से की है। यह अधिकारी का आंकलन है, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल विमान सुरक्षित है और यात्रियों को लेकर आगे की व्यवस्था की जा रही है। फ्लाइट में वास्तव में क्या हुआ और पायलट की भूमिका क्या थी, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा।

Created On :   30 Sept 2026 3:35 PM IST

Tags

Next Story