Nepal Mountain News: नेपाल में कुदरत का कहर! पहाड़ का बड़ा हिस्सा टूटकर कालीगंडकी नदी में समाया, 24 की मौत, 14 लापता

नेपाल में कुदरत का कहर! पहाड़ का बड़ा हिस्सा टूटकर कालीगंडकी नदी में समाया, 24 की मौत, 14 लापता
नेपाल से एक और बड़ी दुर्घटना सामने आई है। देश में पहाड़ का एक हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया और देखते ही देखते सामने बहने वाली कालीगंडकी नदी में समा गया।

डिजिटल डेस्क, काठमांडू। नेपाल से एक और बड़ी दुर्घटना सामने आई है। देश में पहाड़ का एक हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया और देखते ही देखते सामने बहने वाली कालीगंडकी नदी में समा गया। चट्टानों और मिट्टी के नीचे ढह जाने से आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के मुताबिक, नेपाल में कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इसके बाद रविवार को हुए भूस्खलन का खौफनाक वीडियो सामने आया है। इस तबाही में कम से कम 24 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य 14 लापता बताए जा रहे हैं।

पहाड़ का टूटा बड़ा हिस्सा

इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पहले पहाड़ की ढलान स्थिर दिखाई देती है। इसके कुछ सेकंड बाद अचानक ऊपर की तरफ से एक हिस्सा टूटता दिखाई दे रहा है और मिट्टी-पत्थरों का सैलाब तेजी से नीचे की तरफ गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। कुछ ही पलों में पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा कालीगंडकी नदी में समा जाता है। यह देखकर आसपास के लोग घबरा जाते हैं और चिल्लाने लगते हैं।

बताया जा रहा है कि नेपाल में पिछले तीन दिनों से तेज बारिश हो रही है। इससे इलाकों की हालत बिगड़ने लगी है। कई जगहों पर नदियां उफान पर हैं, तो कहीं पहाड़ों का मलबा नीचे गिर रहा है। इससे घरों, सड़कों और पुलों के साथ कई जरूरी सुविधाओं को भारी नुकसान पहुंचा है।

इन 5 जिलों में सबसे ज्यादा नुकसान की खबर

रिपोर्टों के मुताबिक, देश में लगातार हो रही बारिश की वजह से मनांग, म्याग्दी, बागलुंग, पर्वत और पाल्पा जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। बताया जा रहा है कि दक्षिणी तराई के कुछ क्षेत्रों में जलभराव और कटाव की समस्या देखने को मिल रही है। अधिकारियों ने बताया कि बागलुंग में 10, म्याग्दी में 6 और मनांग में 2 लोगों की जान चली गई है। इनके अलावा लुंबिनी प्रांत के पाल्पा में 5 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, धनुषा जिले की मिथिला नगरपालिका में भूस्खलन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है।

इसके अलावा 14 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनमें मनांग में 10, म्याग्दी में 3 और बागलुंग में एक व्यक्ति शामिल हैं। इसके अलावा लमजुंग में दो नागरिक घायल हो गए हैं, जबकि बागलुंग और म्याग्दी में भी एक-एक व्यक्ति के घायल होने की खबर मिली है।

Created On :   29 Sept 2026 12:50 AM IST

Tags

Next Story