Pakistan Blast News: पाकिस्तान में आतंकी हमला! पुलिस चेकपोस्ट पर जोरदार धमाका, 11 लोगों की मौत, 20 अन्य घायल

पाकिस्तान में आतंकी हमला! पुलिस चेकपोस्ट पर जोरदार धमाका, 11 लोगों की मौत, 20 अन्य घायल
पाकिस्तान से एक जोरदार ब्लास्ट की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि मुल्क के खैबर पख्तूनख्वा में एक पुलिस चेकपोस्ट पर धमाका हुआ है।

डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान से एक जोरदार ब्लास्ट की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि मुल्क के खैबर पख्तूनख्वा में एक पुलिस चेकपोस्ट पर धमाका हुआ है। इसमें 11 लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि अन्य घायल हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस ब्लास्ट की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने ली है। मृतकों में 8 पुरुष, 2 महिलाएं और एक बच्चा बताया जा रहा है।

मलबे में दबे अधिकारी

पाकिस्तानी अखबार डॉन ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान सीमा के पास डेरा इस्माइल खान के दराजिंदा स्थित 'अमन मेला' पुलिस चेकपोस्ट पर यह हमला किया गया है। इसमें 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हैं। इनमें पुलिसकर्मी, कस्टम अधिकारी और दो आम नागरिक शामिल हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि इस घटना के तुरंत बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। रेस्क्यू टीमों ने मलबे के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। वहीं, मौके के लिए बम निरोधक दस्ता भी रवाना हुआ, ताकि धमाके के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।

राज्यपाल ने जारी किए निर्देश

इस धमाके के बाद खैबर पख्तूनख्वा के राज्यपाल फैसल करीम कुंडी ने मामले का संज्ञान लिया है। साथ ही अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी मांगी। इसके अलावा, उन्होंने घायलों को हर संभव मेडिकल मदद पहुंचाने के निर्देश जारी किए हैं। रिपोर्ट्स में बताया गया है कि हाल के महीनों में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में कई हमले हो चुके हैं। इस दौरान सुरक्षा बलों और पुलिस को टारगेट किया जा रहा है।

पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर कॉन्फ्लिक्ट एंड सिक्योरिटी स्टडीज (PICSS) ने बताया कि सिर्फ अगस्त में ही यहां 54 ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है। इसके साथ ही बताया गया कि इलाके में प्रशासन ने आतंकवाद विरोधी अभियानों को और तेज कर दिया है।

Created On :   26 Sept 2026 7:06 PM IST

Tags

Next Story