Pakistan Blast: क्वेटा में रेलवे ट्रैक के पास भीषण धमाका, अब तक 20 की मौत, 30 से ज्यादा घायल, ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतरे, देखें Video

क्वेटा में रेलवे ट्रैक के पास भीषण धमाका, अब तक 20 की मौत, 30 से ज्यादा घायल, ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतरे, देखें Video
पाकिस्तान के क्वेटा में बड़ा बम धमाका हुआ है। 16 लोगों की मौत और 30 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान के क्वेटा शहर में रेलवे ट्रैक के पास बड़े बम धमाके की जानकारी सामने आई है। धमाका इतना तेज था कि ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह टूट गई और आसपास खड़े कई वाहनों में आग लग गई। यह हादसा फ्रंटियर कोर के हेडक्वार्टर के पास रेलवे ट्रैक पर हुआ। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई लोगों की मौत हुई है और दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं। अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन इसे हालिया सैन्य कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है।

रेलवे ट्रैक के पास हुआ जोरदार विस्फोट

जानकारी के अनुसार, यह धमाका क्वेटा के मन फाटक इलाके में हुआ। उस समय एक ट्रेन कैंट इलाके की तरफ से आ रही थी। अचानक तेज धमाका हुआ और ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतर गए। धमाके के बाद आसमान में काले धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया। आसपास मौजूद लोग डरकर भागने लगे। कई गाड़ियों में भी आग लग गई, जिससे नुकसान और बढ़ गया।

अस्पतालों में भर्ती कराए गए घायल

स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस धमाके में कम से कम 20 लोगों की मौत हुई है जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को क्वेटा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में इमरजेंसी लागू कर दी गई है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है।

सेना के अभियान से जोड़ा जा रहा हमला

हाल ही में पाकिस्तानी सेना के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने क्वेटा का दौरा किया था। उन्होंने बलूचिस्तान में तैनात सैनिकों और अधिकारियों से मुलाकात की थी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान में बड़ा अभियान चलाया, जिसमें कई उग्रवादी मारे गए और कुछ कमांडर गिरफ्तार किए गए। अब रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि क्वेटा धमाका उसी कार्रवाई के जवाब में किया गया हमला हो सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

Created On :   24 May 2026 12:08 PM IST

Tags

Next Story