US-Iran War: ईरान-अमेरिका तनाव के बीच खार्ग द्वीप के पास धमाका! टैंकर पर हमले का दावा, तेहरान ने दी सख्त चेतावनी

डिजिटल डेस्क, तेहरान। अमेरिका और ईरान के बीच लगातार हमले जारी हैं। इस बीच ईरान के खार्ग द्वीप के पास एक जोरदार अटैक हुआ है। ईरानी मीडिया ने बताया कि शनिवार को खार्ग द्वीप, फारस की खाड़ी में स्थित एक अहम तेल टर्मिनल के पास धमाके की आवाज सुनाई दी। यह ऐसे समय में हुआ है, जब पास में एक ईरानी टैंकर को अमेरिकी सेना की तरफ से निशाना बनाए जाने की खबर सामने आई है।
ईरानी टैंकर को बनाया निशाना?
अर्ध-सरकारी न्यूज एजेंसी फार्स ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि खाड़ी की तरफ से धमाके की आवाजें सुनी गईं, लेकिन काले धुएं का कोई गुबार उठते हुए नहीं दिखाई दिया था। अब तक यह भी पता नहीं चला है कि यह विस्फोट किस वजह से हुआ है। वहीं, राज्य से जुड़े नूरन्यूज ने स्थानीय सूत्रों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में बताया है कि खार्ग द्वीप के पास एक ईरानी टैंकर को अमेरिकी सेना ने मिसाइल से टारगेट बनाया है। हालांकि, इसकी उन्होंने पुष्टि नहीं की है।
धमाके को लेकर ईरान ने किया दावा
न्यूज वेबसाइट असर ने अपनी रिपोर्ट में ईरान की तरफ से किए गए दावे पर लिखा है कि अमेरिकी सेना ने चार प्रोजेक्टाइल से टैंकर को निशाना बनाया है। इस दौरान उससे सामान उतारा जा रहा था। इन रिपोर्टों पर अभी तक ईरानी या अमेरिकी अधिकारियों ने तत्काल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
ईरानी अधिकारियों ने दी चेतावनी
इस हमले से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें एक AI जनरेटेड वीडियो साझा किया गया था। इस दौरान ट्रंप ने बताया था कि खार्ग द्वीप को 'blown to smithereens' किया जा रहा है। वहीं, ईरानी अधिकारियों ने इस द्वीप पर हमला होने की स्थिति में सख्त प्रतिक्रिया देने की चेतावनी दी है।
Created On :  



