Attack in Strait of Hormuz: होर्मुज में 24 भारतीयों वाले जहाज पर मिसाइल अटैक, 21 का रेस्क्यू, 2 घायल और एक लापता, भारतीय मंत्रालय ने जारी किया बयान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ओमान के तट के पास 24 भारतीय नाविकों वाले जहाज पर मिसाइल से हमला हुआ है। इस मामले में अब भारत ने प्रतिक्रिया दी है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पनामा के झंडे वाले जहाज पर मिसाइल से हमला हुआ है, जिस पर 24 भारतीय क्रू सदस्य सवार थे। इन सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही गई है।
यह भी पढ़े -चुनाव में हार के बाद ट्रंप ने चला बड़ा दांव! पश्चिम एशिया, होर्मुज स्ट्रेट समेत इन मुद्दों पर कतर से की बात
दो घायल, एक लापता
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर की है, जिसमें उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति साझा की है। इसमें बताया गया है कि भारत 16 नवंबर, 2026 को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में पनामा के झंडे वाले LPG टैंकर 'MT तारा गैस' पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता है। आगे बताया गया है कि टैंकर पर सवार 24 भारतीय नागरिकों में से 21 को सुरक्षित रेस्क्यू कर खसाब पहुंचा दिया गया है। इनके अलावा दो घायल बताए जा रहे हैं, जबकि एक अभी भी लापता है।
त्वरित सहायता की सराहना
मंत्रालय ने बताया, "ओमान में हमारा दूतावास, ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर, चल रहे खोज और बचाव कार्यों पर बारीकी से नजर रख रहा है। हम बचाव कार्यों में ओमान सरकार द्वारा दी गई त्वरित सहायता और सहयोग की सराहना करते हैं।"
यह भी पढ़े -मदीना की ओर हूतियों की बैलिस्टिक मिसाइल! सऊदी डिफेंस ने किया इंटरसेप्ट, यमन में भीषण जंग और होर्मुज में टैंकर में आग
इसके साथ ही मंत्रालय ने इलाके में हो रहे लगातार हमलों पर चिंता जाहिर की है। प्रवक्ता ने यह भी बताया कि इससे आम समुद्री यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा हो रहा है। इसके अलावा उन्होंने वाणिज्यिक जहाजों और नागरिकों के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद करने की अपील की।
बंदरगाह मंत्री ने क्या कहा?
इससे पहले दोपहर में भारत के बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने एक्स पर एक बयान जारी किया था। इसमें उन्होंने बताया था, "16 नवंबर को, होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) में पनामा के झंडे वाले एलपीजी टैंकर 'तारा गैस' पर मिसाइल से हमला किया गया। इस जहाज पर 24 भारतीय नाविक सवार थे। सभी 24 भारतीय नागरिकों सहित जहाज के कुल 25 सदस्यीय चालक दल के सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है। हम लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और अपने नाविकों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए जहाज प्रबंधन कंपनी के साथ लगातार संपर्क में हैं।"
Created On :  

