हस्तक्षेप पर आपत्ति: UN में भारत का पाकिस्तान पर निशाना, OIC के प्रस्ताव के खिलाफ किया मतदान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में पाकिस्तान पर इस्लामिक सहयोग संगठन (OIC) को अपने खिलाफ इस्तेमाल करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। भारत ने संयुक्त राष्ट्र और OIC के बीच सहयोग से जुड़े प्रस्ताव के विरोध में मतदान किया। इसके बाद संयुक्त राष्ट्र में भारत की उप स्थायी प्रतिनिधि योजना पटेल ने मतदान के कारणों को स्पष्ट करते हुए भारत का पक्ष रखा।
OIC के हस्तक्षेप पर भारत की आपत्ति
भारत ने प्रस्ताव में 'अन्य संघर्षों' के समाधान से जुड़े संदर्भ पर भी सवाल उठाए। योजना पटेल के मुताबिक, इस शब्दावली का दायरा स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि OIC संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय आठ के तहत क्षेत्रीय संगठन नहीं है। भारत ने प्रस्ताव में अपने देश का अनावश्यक उल्लेख किए जाने पर भी आपत्ति जताई और स्पष्ट किया कि OIC को भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार नहीं है।
भारत ने पाकिस्तान पर OIC के मंच का इस्तेमाल अपने खिलाफ करने का आरोप लगाते हुए प्रस्ताव का विरोध किया। इस तरह मतदान के जरिए भारत ने संयुक्त राष्ट्र में अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं।
यह भी पढ़े -पीएम मोदी फिलीपींस के सबसे पुराने गुरुद्वारे पहुंचे, 5 मंजिला कॉम्प्लेक्स के पुनर्विकास की योजना
धर्म के आधार पर अधिकार तय करने का विरोध
भारतीय प्रतिनिधि ने भारत को धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक और विविधताओं वाला देश बताते हुए कहा कि किसी धर्म के लोगों के हितों की रक्षा की जिम्मेदारी केवल उसी धर्म के सदस्यों तक सीमित नहीं की जा सकती।
योजना पटेल ने कहा कि प्रस्ताव पर विचार-विमर्श की प्रक्रिया में कई प्रतिनिधिमंडलों को शामिल नहीं किया गया। भारत ने इसे महासभा के समावेशिता और पारदर्शिता के सिद्धांतों के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि सार्थक चर्चा में अलग-अलग विचार रखने वाले देशों को भी शामिल किया जाना चाहिए। इससे संयुक्त राष्ट्र महासभा की विश्वसनीयता और वैधता बनी रहती है।
Created On :  


