इंडो-पैसिफिक में सहयोग का नया रोडमैप!: 'QUAD का मकसद भरोसेमंद समाधान देना', मनीला में पीएम मोदी ने बताई भारत की प्राथमिकताएं

डिजिटल डेस्क, मनीला। फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड (QUAD) नेताओं की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने साझेदारी के महत्व पर जोर दिया। उनका कहना है कि भारत इस समूह को एक रचनात्मक और विश्वसनीय साझेदारी के तौर पर देखता है। साथ ही उन्होंने समुद्री सुरक्षा, भरोसेमंद सप्लाई चेन, नई तकनीक और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया है। प्रधानमंत्री का कहना है कि क्वाड का मकसद पूरे इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के लिए भरोसेमंद समाधान उपलब्ध कराना है।
यह भी पढ़े -मिडटर्म चुनाव में करारी हार के बाद ट्रंप और पीएम मोदी की पहली मुलाकात, ईरान को क्यों दी चेतावनी
'मनीला का क्वाड से पुराना नाता'
क्वाड बैठक को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "आप सभी मित्रों से मिलकर मुझे हार्दिक खुशी हो रही है। मनीला का क्वाड से पुराना और विशेष नाता रहा है। साल 2007 में चारों देशों के अधिकारी पहली बार यहीं मिले थे। इसके दस साल बाद 2017 में इसी शहर में हमने अपना संवाद फिर से शुरू किया था।"
उन्होंने बताया कि दोबारा मनीला जैसे ऐतिहासिक शहर में इस बैठक का होना अहम पड़ाव है। साथ ही कहा कि लगातार क्वाड के सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ता जा रहा है। उन्होंने आगे कहा, "पिछले वर्ष जनवरी से अब तक हमारे विदेश मंत्री पांच बार मिल चुके हैं। यह हमारी साझेदारी के प्रति राजनीतिक इच्छाशक्ति और साझा प्रतिबद्धता का प्रमाण है।"
यह भी पढ़े -अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर क्वाड बैठक के बाद भारत पहुंचे, राष्ट्रपति ट्रंप को फोन पर दी क्वाड बैठक की जानकारी
इन अहम मुद्दों पर दिया जोर
पीएम मोदी ने बताया कि भारत क्वाड को एक रचनात्मक और भरोसेमंद साझेदारी के तौर पर देखता है। उन्होंने कहा, "समुद्री सुरक्षा से लेकर विश्वसनीय सप्लाई चेन, नई टेक्नोलॉजी और आपदा प्रतिक्रिया तक हमारा प्रयास है कि क्वाड पूरे इंडो-पैसिफिक के लिए भरोसेमंद समाधान प्रदान करे।" उन्होंने साफ करते हुए कहा कि क्वाड देशों का आपसी सहयोग सिर्फ बैठकों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मकसद क्षेत्र की साझा चुनौतियों का समाधान तलाशना भी है।
'अगले चरण में ठोस लक्ष्य'
प्रधानमंत्री ने क्वाड को आगे बढ़ाने वाले सभी सदस्य देशों के नेताओं के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा, "क्वाड को आगे बढ़ाने में सभी साथी नेताओं के नेतृत्व, निरंतर समर्थन और व्यक्तिगत योगदान के लिए मैं उनका हार्दिक अभिनंदन करता हूं।" उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि मनीला में हो रही इस मीटिंग से क्वाड देशों के बीच सहयोग को नई दिशा मिलने वाली है। उन्होंने कहा, "मुझे पूरा विश्वास है कि आज की बैठक से हम अपने सहयोग के अगले चरण के लिए ठोस लक्ष्य तय कर सकेंगे।"
Created On :  
