ईरान में भीषण सड़क हादसा: कई गैस परियोजना के कर्मचारियों से भरी बस पलटी, 12 लोगों को मौत, 16 घायल

कई गैस परियोजना के कर्मचारियों से भरी बस पलटी, 12 लोगों को मौत, 16 घायल
मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच ईरान में बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया है। इराक सीमा के पास गैस रिफाइनरी के कर्मचारियों से भरी एक बस पलट गई। इसमें 12 लोगों की मौत होने की खबर मिली है।

डिजिटल डेस्क, तेहरान। मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच ईरान में बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया है। इराक सीमा के पास गैस रिफाइनरी के कर्मचारियों से भरी एक बस पलट गई। इसमें 12 लोगों की मौत होने की खबर मिली है, जबकि 16 घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद अधिकारियों का कहना है कि हादसा इतना बड़ा है कि मरने वालों का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। वहीं, दुर्घटना के समय मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।

इस परियोजना में काम कर रहे थे कर्मचारी

ईरानी सरकारी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा शनिवार शाम पश्चिमी ईरान के इलाम प्रांत में हुआ था। इस दौरान बस में तेल और गैस कर्मचारी सवार थे। ये कर्मचारी 'देहलोरन NGL 3100' तेल और गैस परियोजना में काम करते थे। स्थानीय समयानुसार शाम लगभग 7:25 बजे देहलोरन के पास 'दश्त अब्बास-मुर्मुरी' सड़क पर बस अचानक पलट गई थी। इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

दो दिन के शोक का ऐलान

ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी IRNA ने अपनी रिपोर्ट में देश के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के हवाले से बताया कि संबंधित अधिकारियों को आदेश जारी किए गए हैं कि वे यह सुनिश्चित करें कि सभी 16 घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता मिले।

इसके अलावा अधिकारियों ने इलाम प्रांत में एक दिन और अब्दनान में दो दिन के सार्वजनिक शोक का ऐलान किया है। बताया जा रहा है कि मरने वालों में ज्यादातर लोग अब्दनान के रहने वाले थे।

हादसे की होगी जांच

'ईरानियन स्टूडेंट्स न्यूज एजेंसी' (ISNA) ने बताया कि अब्दनान के अभियोजक अमरोल्लाह मिसाई ने कहा, "हादसे के कारण, इसमें योगदान देने वाले कारक और किसी भी तरह की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की जांच की जा रही है।"

उन्होंने आगे बताया, "अगर किसी व्यक्ति या जिम्मेदार संस्था की ओर से कोई गलती या लापरवाही पाई जाती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ बिना किसी रियायत के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"

Created On :  

Tags

Next Story