मिडिल ईस्ट संघर्ष: ईरान पर फिर हमले के लिए ट्रंप पर दबाव बना रहे नेतन्याहू! रोजाना कर रहे फोन, अरब देशों में खलबली

डिजिटल डेस्क, यरूशलम। इजरायल के केयरटेकर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को रोजाना कॉल कर रहे हैं। द फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस दौरान वह ट्रंप से अनुरोध कर रहे हैं कि ईरान पर दोबारा हमले शुरू किए जाएं। रिपोर्ट में बताया गया है कि नेतन्याहू रोजाना उन्हें फोन करते हैं और युद्ध फिर से शुरू करने के लिए दबाव बना रहे हैं।
यह भी बताया गया है कि व्हाइट हाउस के बाहर और अंदर के लोग ऐसा नहीं चाहते हैं। इसके अलावा, रिपोर्ट में एक व्यक्ति के हवाले से बताया गया है कि क्षेत्रीय नेता तनाव न बढ़ाने और बातचीत को प्राथमिकता देने की बात कह रहे हैं।
यह भी पढ़े -चुनाव से पहले ईरान पर बड़े हमले की इजरायल ने की थी प्लानिंग, ऐन वक्त पर अमेरिका ने फेर दिया मंसूबों पर पानी
अमेरिका पर हमले का दबाव बनाने की कोशिश?
इजरायल के हालात पर नजर रखने वाले एक व्यक्ति का कहना है कि नेतन्याहू ईरान पर हमला करने की मांग कर रहे हैं। दूसरी तरफ, बताया जा रहा है कि ट्रंप पर इस मांग को मानने का कोई दबाव नहीं है। कतर के पीएम शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी के साथ ट्रंप की बातचीत हुई। इसके बाद उन्होंने कहा कि ईरान पर फिलहाल नए हमले की संभावना बहुत कम है।
ट्रंप की इन देशों के साथ हुई बातचीत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट शेयर किया है। इस दौरान उन्होंने कतर, सऊदी अरब, यूएई, बहरीन, कुवैत और अन्य देशों का जिक्र किया है और कहा कि वे इस स्थिति में यथास्थिति बनाए रखने की बात कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि ईरान पर नया हमला करने के बजाय उस पर आर्थिक नाकेबंदी करना पसंद करेंगे।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि इस संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में सकारात्मक प्रगति हो रही है। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि अमेरिका के हितों की हर समय रक्षा हो।
युद्ध को लेकर मुस्लिम नेता चिंतित
रिपोर्ट में बताया गया है कि नेतन्याहू की फिर से युद्ध की पैरवी को लेकर मुस्लिम और अरब नेता चिंतित हैं। सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान, यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी और तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन ने ट्रंप से फोन पर बात की है।
Created On :  


