इजरायल में बिना नेतन्याहू के बनने जा रही नई सरकार?: 5 अहम पदों पर बनी सहमति, आइजेनकोट ने किया नामों का ऐलान

5 अहम पदों पर बनी सहमति, आइजेनकोट ने किया नामों का ऐलान
इजरायल में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। इस बीच एक बड़ी खबर भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि बिना केयरटेकर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार बन रही है।

डिजिटल डेस्क, यरुशलम। इजरायल में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। इस बीच एक बड़ी खबर भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि बिना केयरटेकर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार बन रही है। विपक्षी गठबंधन ने सरकार गठन की प्रक्रिया के बीच संसद के अहम पदों को लेकर सहमति बना ली है। देश के नए प्रधानमंत्री गादी आइजेनकोट का कहना है कि 26वीं नेसेट यानी इजरायली संसद में किस नेता को कौन-सी जिम्मेदारी दी जाएगी, इस पर सहमति बन गई है। इस समझौते के तहत गादी आइजेनकोट के अलावा नफ्ताली बेनेट, यायर गोलान, एविग्डोर लिबरमैन और यायर लैपिड के नाम शामिल हैं।

इन प्रमुख पदों पर बनी सहमति

पांचों नेताओं ने इस संबंध में संयुक्त बयान जारी किया है। इसके मुताबिक, पूर्व मंत्री और यशर पार्टी के सांसद बनने जा रहे मटन कहाना को नेसेट का अगला स्पीकर बनाने पर आपसी सहमति बनी है। वहीं, पूर्व रक्षा मंत्री एविग्डोर लिबरमैन विदेश और रक्षा मामलों की अहम समिति के प्रमुख बनने जा रहे हैं। बेनेट की पार्टी के नए सांसद लिरान अविशार बेन-होरिन को वित्त समिति की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

इसके अलावा रॉय फोल्कमैन को हाउस कमेटी का अध्यक्ष बनाया जाएगा। इस समिति की जिम्मेदारी संसद के कामकाज और उससे जुड़े मामलों को संभालने की होगी।

संसद में रखेंगे प्रस्ताव

गादी आइजेनकोट ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि बदलाव और सुधार की राजनीति करने वाले अपने सहयोगियों के साथ सभी अहम पदों के लिए उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए गए हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि समितियों की संरचना को इसी सप्ताह हाउस कमेटी की बैठकों में अंतिम रूप दे दिया जाएगा। इसके बाद बुधवार को नेसेट के पूर्ण सत्र में मंजूरी के लिए प्रस्ताव रखे जाएंगे। उन्होंने बताया कि गठबंधन ने कुछ विशेष समितियां बनाने पर भी सहमति जताई है। इनकी जानकारी बाद में दी जाएगी।

कई दिनों तक चली बातचीत

इजरायल में गठबंधन के बीच यह समझौता 26वीं नेसेट के शपथ ग्रहण समारोह से पहले ही हो गया है। संसद के स्पीकर पद को लेकर गठबंधन के अंदर कई दिनों से बातचीत चल रही थी। शुरुआत में इस पद के लिए नफ्ताली बेनेट और लिबरमैन, यायर लैपिड के नाम का समर्थन कर रहे थे, लेकिन आइजेनकोट चाहते थे कि यह पद उनकी पार्टी के पास ही रहे। कई दौर की चर्चाओं के बाद आखिरकार आइजेनकोट और लिबरमैन के बीच सहमति बन गई है।

Created On :  

Tags

Next Story