Bangladesh News: शेख हसीना की वापसी से पहले ढाका में हिंसा का तांडव, एक रात में 20 धमाके और आगजनी, अवामी लीग पर शक

शेख हसीना की वापसी से पहले ढाका में हिंसा का तांडव, एक रात में 20 धमाके और आगजनी, अवामी लीग पर शक
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में 8 नवंबर की रात करीब 10 इलाकों में 15 से 20 धमाके और आगजनी की घटनाएं हुईं। पुलिस ने हमलों के पीछे अवामी लीग से जुड़े लोगों का हाथ होने की आशंका जताई है, जबकि पार्टी ने आरोपों को खारिज किया है। उधर, शेख हसीना के वकीलों ने भारत में नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र के लिए आवेदन किया है।

डिजिटल डेस्क, ढाका। बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी से पहले राजनीतिक तनाव बढ़ता दिखाई दे रहा है। राजधानी ढाका में लगातार धमाकों और आगजनी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहां राजधानी के करीब 10 इलाकों में 15 से 20 घटनाएं हुईं। इनमें बम धमाके और वाहनों को आग लगाने की वारदात शामिल हैं। इस बीच हसीना के दिसंबर में बांग्लादेश लौटने के बयान ने राजनीतिक हलचल और बढ़ा दी है। कई बसें फूंकीं, थानों के बाहर बम धमाके हुए।

अधिकारियों की ओर से दावा किया जा रहा है कि कुछ लोगों को पैसे देकर हमले कराए गए। हालांकि अवामी लीग के प्रवक्ता मोहम्मद अली आराफात ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विरोधी गुट पार्टी को बदनाम करने के लिए ऐसी घटनाएं करा रहे हैं।

भारत में नए पासपोर्ट के लिए आवेदन

शेख हसीना के वकीलों ने भारत में उनके नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (NID) के लिए आवेदन किया है। हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की बात कही है। उनकी संभावित वापसी से पहले राजधानी में बढ़ती हिंसा ने देश के राजनीतिक हालात को और संवेदनशील बना दिया है। फिलहाल पुलिस हमलों के पीछे सक्रिय लोगों की पहचान में जुटी है।

ढाका यूनिवर्सिटी में 6 ब्लास्ट, हिरासत में 3

ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद अख्तर हुसैन ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार शाम से देर रात तक राजधानी में हिंसा की कई घटनाएं हुईं। ढाका यूनिवर्सिटी परिसर और आसपास 6 बम धमाके हुए। नीलखेत चौराहे, मैन गेट, सीनेट बिल्डिंग, टीएससी और मेट्रो स्टेशन के आसपास भी ब्लास्ट हुए। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेने की खबर सामने आई है।

पुलिस को अवामी लीग पर शक, पार्टी ने आरोपों को नकारा

पुलिस आंकड़ों के अनुसार, 1 अक्टूबर से 8 नवंबर के बीच देशभर में बम धमाके की 31 और वाहनों में आग लगाने की 14 घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें 2 लोग घायल हुए, जबकि 51 गिरफ्तारियां हुईं। पुलिस को शक है कि इन घटनाओं के पीछे अवामी लीग से जुड़े लोग हैं।

Created On :  

Tags

Next Story