भारत ने संभाला युद्ध खत्म करने का मोर्चा!: पहले PM मोदी की जेलेंस्की से बात, फिर जयशंकर ने लावरोव को मिलाया फोन, रूस-यूक्रेन युद्ध पर बड़ी कूटनीतिक पहल

पहले PM मोदी की जेलेंस्की से बात, फिर जयशंकर ने लावरोव को मिलाया फोन, रूस-यूक्रेन युद्ध पर बड़ी कूटनीतिक पहल
रूस और यूक्रेन के बीच लंबे समय से युद्ध जारी है। इस बीच भारत में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच लंबे समय से युद्ध जारी है। इस बीच भारत में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की। इसके तुरंत बाद भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव से फोन पर चर्चा की। इस दौरान दोनों नेताओं ने लंबे समय से चल रहे संघर्ष को खत्म करने के लिए राजनयिक पहलों पर विस्तार से चर्चा की।

भारतीय विदेश मंत्री ने क्या कहा?

एस. जयशंकर ने इस बातचीत के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर की और इस बातचीत की पुष्टि की। उनका कहना है, "आज शाम रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से बातचीत हुई। हमारी चर्चा का मुख्य विषय यूक्रेन संघर्ष और इस दिशा में जारी कूटनीतिक पहल रहीं।" दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत ऐसे समय पर हुई है, जब पीएम मोदी और यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की की भी बात हुई थी।

PMO ने जारी किया बयान

पीएम मोदी और जेलेंस्की के बीच हुई बातचीत के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने एक बयान जारी किया है। इसमें बताया गया, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर भारत के मानव-केंद्रित नजरिए को दोहराते हुए कहा कि भारत का लगातार यही रुख रहा है कि इस संघर्ष का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए होना चाहिए। उन्होंने संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए की जा रही सभी कोशिशों में योगदान देने की भारत की प्रतिबद्धता भी जताई।"

PM ने भी जारी किया था बयान

पीएम मोदी ने इस बातचीत के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी किया था। इसमें उन्होंने बताया, "मैंने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की को चल रहे संघर्ष, इसके मानवीय पहलुओं और शांति बहाल करने के लिए किए जा रहे अलग-अलग प्रयासों पर उनके विचार साझा करने के लिए धन्यवाद दिया। मैंने शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में हर संभव तरीके से योगदान देने के लिए भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता को भी दोहराया।"

जेलेंस्की ने इस बातचीत पर क्या दी प्रतिक्रिया?

वहीं, दूसरी ओर यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की के कार्यालय ने भी एक बयान जारी किया है, जिसमें इस बातचीत का जिक्र किया गया है। कार्यालय के मुताबिक, भारत खाद्य आपूर्ति के लिए सुरक्षित फूड कॉरिडोर बनाने की दिशा में मध्यस्थता करने के लिए तैयार है। साथ ही कहा गया कि यूक्रेन भारत की इस कोशिश की उम्मीद कर रहा है।

जेलेंस्की का कहना है, "प्रधानमंत्री मोदी ने रूस के राष्ट्रपति समेत कई नेताओं से बार-बार कहा है कि अब युद्ध जारी रखने का नहीं, बल्कि इसे खत्म करने का समय है। यह अहम है कि भारत उन कदमों की तलाश करे, जिन्हें वह उठा सकता है और युद्ध को खत्म करने की दिशा में प्रगति तेज करने के लिए अन्य नेताओं के साथ बातचीत करे।"

Created On :  

Tags

Next Story