'डबल टैप' अटैक: यूक्रेन के भूमिगत शेल्टर पर रूस का सबसे बड़ा हमाल, अब तक 53 लोगों की मौत, 5वें दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

यूक्रेन के भूमिगत शेल्टर पर रूस का सबसे बड़ा हमाल, अब तक 53 लोगों की मौत, 5वें दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
रूस और यूक्रेन के बीच लगातार हमले तेज होते जा रहे हैं। इस बीच खबर मिली है कि यूक्रेन के दक्षिण-पूर्वी जापोरिज्जिया क्षेत्र में रूस ने बमबारी की थी।

डिजिटल डेस्क, कीव। रूस और यूक्रेन के बीच लगातार हमले तेज होते जा रहे हैं। इस बीच खबर मिली है कि यूक्रेन के दक्षिण-पूर्वी जापोरिज्जिया क्षेत्र में रूस ने बमबारी की थी। इसमें मारे जाने वाले लोगों की संख्या में बढ़ोतरी हो गई है। अब यह आंकड़ा बढ़कर 53 पर पहुंच गया है। सोमवार को रूस ने इस इलाके में मानवीय सहायता बांटने वाले एक केंद्र को निशाना बनाया था। बताया जा रहा है कि यह इस साल आम नागरिकों पर हुआ सबसे घातक हमला है। इस हमले को लेकर क्षेत्र के कार्यवाहक गवर्नर मिखाइलो सेमिकिन ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर एक पोस्ट साझा की है।

5वें दिन भी रेस्क्यू अभियान जारी

गवर्नर के मुताबिक, कोमिशुवाखा गांव में हमले वाली जगह पर राहत और बचाव कार्य पांचवें दिन भी जारी है। इससे पहले यूक्रेन की इमरजेंसी सर्विस ने मरने वालों की संख्या 50 बताई थी। अब यह संख्या बढ़कर 53 हो गई है। एजेंसी का कहना था कि मुश्किल हालात और रूस के दोबारा हमले के खतरे को ध्यान में रखते हुए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

किस जगह हुआ था अटैक?

क्षेत्र में यह रूसी हमला यूक्रेन के अग्रिम मोर्चे के पास बसे कोमिशुवाखा गांव में एक पुराने स्कूल की इमारत पर हुआ था, जिसका इस्तेमाल भूमिगत शेल्टर के तौर पर किया जा रहा था। यहां स्थानीय लोगों को हर हफ्ते मानवीय सहायता भी बांटी जाती थी। हमले के दौरान भी नागरिक वहां मौजूद थे।

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने क्या कहा?

इस हमले को लेकर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की और पुलिस का कहना है कि रूस ने पहले हमला किया और इसके बाद दोबारा बमबारी की। इसे 'डबल टैप' हमला बताया गया है। अधिकारियों ने दावा किया कि इसके बाद नौ और भारी हथियार गिराए गए थे, जिनमें करीब तीन टन का एफएबी ग्लाइड बम भी शामिल था। इसमें लगभग 1.4 टन विस्फोटक भरा हुआ था। इनके जरिए भूमिगत शेल्टर को निशाना बनाया गया था।

रूस पर आरोप

यूक्रेनी अधिकारियों ने आरोप लगाया कि रूसी सेना को पहले से पता था कि इसी जगह पर आम लोगों को सहायता बांटी जाती है। वहीं, रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि हमला इलाके में मौजूद यूक्रेनी सैन्य इकाइयों पर किया गया था। मंत्रालय के मुताबिक, इसमें कम से कम 25 सैनिकों की मौत हुई है। इसके साथ ही रूस ने यूक्रेन के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

Created On :  

Tags

Next Story