कई देशों में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट: यूरोप के आसमान में बम का खौफ! 12 विमानों को धमकी, कई की इमरजेंसी लैंडिंग से मचा हड़कंप

यूरोप के आसमान में बम का खौफ! 12 विमानों को धमकी, कई की इमरजेंसी लैंडिंग से मचा हड़कंप
यूरोप से एक बड़ी खबर सामने आई है। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों के हाथ-पांव फूल गए हैं। जानकारी के मुताबिक, 12 विमानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है।

डिजिटल डेस्क, ब्रसेल्स। यूरोप से एक बड़ी खबर सामने आई है। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों के हाथ-पांव फूल गए हैं। जानकारी के मुताबिक, 12 विमानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसके बाद अचानक इन्हें डायवर्ट करना पड़ा या इनकी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। इसी हफ्ते के अंदर यह दूसरा मामला है। इसके बाद यूरोप के कई हवाई अड्डों पर सुरक्षा जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए डबलिन से रोम पहुंचने वाली 'Aer Lingus' की फ्लाइट 'EI402' को पेरिस से 100 किलोमीटर दूर फ्रांस के एवरेक्स एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।

इन विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग

इसके अलावा हेलसिंकी से रोम जाने वाली फिनएयर की फ्लाइट को इटली की वायुसेना के लड़ाकू विमानों की निगरानी में 'रोम फिमिसिनो एयरपोर्ट' पर उतारने की मंजूरी दी गई। इटली पुलिस ने इस मामले में जांच की है, लेकिन अभी तक कोई विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। इसके अलावा पोलैंड की एयरलाइन 'LOT' के एक विमान ने बेल्जियम के ब्रसेल्स जावेंटम एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग की। इसके बाद पूरे विमान की जांच की गई, लेकिन इस दौरान भी कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला।

अधिकारियों ने क्या कहा?

न्यूज एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि पूर्वी और मध्य यूरोपीय देशों में भी इस तरह की स्थिति देखने को मिली है। बुल्गारिया में तीन विमानों की आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। इनमें कोपेनहेगन और मैड्रिड से आए दो विमान और लंदन से आया एक विमान प्लोवदिव शामिल है।

चेक रिपब्लिक की राजधानी प्राग आ रहे चार विमानों को भी विस्फोटक उपकरण से उड़ाने की धमकी मिली है। हालांकि, अधिकारियों ने इस धमकी को लेकर जोखिम कम बताया है और कहा है कि विमानों के लैंड होते ही उनकी जांच की जा रही है।

200 यात्री सुरक्षित

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोमानिया के हेनरी कोआंडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मिलान से बुखारेस्ट जाने वाली विज एयर की फ्लाइट से लगभग 200 यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने विमान की गहनता से जांच की, लेकिन इस दौरान उन्हें कुछ भी हाथ नहीं लगा।

इससे पहले मंगलवार को कम से कम 7 विमानों और एक क्रूज शिप को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसकी वजह से हवाई अड्डों का कामकाज प्रभावित हो गया था। हालांकि, इस दौरान की गई जांच में भी अधिकारियों को कुछ नहीं मिला था।

Created On :  

Tags

Next Story