US News: फ्लोरिडा में रिहायशी इलाके के पास क्रैश हुआ बिजनेस जेट, सभी 9 लोगों की मौत

फ्लोरिडा में रिहायशी इलाके के पास क्रैश हुआ बिजनेस जेट, सभी 9 लोगों की मौत
टेक्सास से बहामास जा रहा था विमान, हादसे के बाद लगी भीषण आग; FAA और NTSB ने शुरू की जांच

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के फ्लोरिडा में निजी बिजनेस जेट रिहायशी इलाके में क्रैश हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई। ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रवक्ता जिम रेनॉल्ड्स ने बताया कि विमान की पहचान टेल नंबर N722BD से हुई है।

हादसे का शिकार हुआ विमान लियरजेट-60 था। यह दक्षिण फ्लोरिडा में मिलिट्री ट्रेल और 10वीं एवेन्यू नॉर्थ के पास रिहायशी इलाके के ऊपर से गुजरते समय अचानक नीचे गिर गया। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने इसकी पुष्टि की है। विमान टेक्सास के ऑस्टिन से उड़ान भरकर बहामास जा रहा था। परिवहन मंत्री सीन डफी के अनुसार, संघीय विमानन प्रशासन (FAA) ने राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) की जांच में मदद के लिए एक टीम भेजी है। अधिकारियों ने अभी तक मृतकों की पहचान और हादसे की वजह सार्वजनिक नहीं की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान रिहायशी मकानों के बेहद करीब गिरा। वह घरों और सड़क से गुजर रहे वाहनों से टकराने से बच गया। आसपास से गुजर रही कारों में बैठे लोगों ने विमान के तेजी से नीचे गिरने और आग की लपटों में घिरने का वीडियो भी रिकॉर्ड किया।

सूचना मिलते ही दमकलकर्मी और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं। पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय ने सुरक्षा के मद्देनजर सड़क के दोनों ओर यातायात बंद कर दिया। लोगों से घटनास्थल के आसपास जाने से बचने की अपील की गई। हादसे के बाद इलाके की बिजली भी करीब दो घंटे तक बंद रही।

बताया जा रहा है कि सड़क से टकराते ही विमान में जोरदार धमाका हुआ और भीषण आग लग गई। हादसे के बाद आसमान में आग का बड़ा गोला और काले धुएं का गुबार दिखाई दिया। टक्कर से घटनास्थल पर जमीन में बड़ा गड्ढा भी बन गया। फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

Created On :  

Tags

Next Story