नेपाल में रेस्क्यू के लिए मांगा हेलीकॉप्टर: हिमालय के बर्फीले दर्रों में फंसे 6 भारतीय पर्यटक, पहले ही दी गई थी चेतावनी

डिजिटल डेस्क, काठमांडू। नेपाल से भारी बर्फबारी की खबर मिली है। इसके चलते 6 भारतीय पर्यटकों के लापता होने की जानकारी मिली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, देश के डोल्पा जिले में स्थित शे-फोक्सुंडो झील के पास का यह मामला बताया जा रहा है। लापता लोगों में दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। उनका रेस्क्यू करने के लिए हेलीकॉप्टर की मांग की गई है। साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि नुमला पास और बगला पास के क्षेत्र में उनसे संपर्क टूट गया है। ये दोनों दर्रे शे-फोक्सुंडो के वार्ड नंबर 4 और 8 के बीच स्थित हैं।
यह भी पढ़े -श्रीलंका-नेपाल-बांग्लादेश के बाद फ्रांस में जेन -जी का हिंसक प्रदर्शन, सरकार पर संकट, आगामी राष्ट्रपति चुनाव पर पड़ सकता है असर
स्थानीय लोगों ने दी चेतावनी
स्थानीय गाइड ने संभावना जाहिर करते हुए कहा कि बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात अर्नब के प्रभाव से हिमालयी इलाके में हुई बर्फबारी की वजह से पर्यटक रास्ते में अटक गए हैं। उन्होंने आगे बताया कि स्थानीय लोगों ने लापता हुए पर्यटकों को चेतावनी दी थी कि बर्फबारी की वजह से पहाड़ी मार्गों को पार करना बेहद मुश्किल हो जाता है। इसके बाद भी वे आगे बढ़ गए थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे वापसी के दौरान बर्फ में फंस गए।
जिला अधिकारी ने क्या कहा?
डोल्पा की मुख्य जिला अधिकारी जुनु हमाल का कहना है कि गायब हुए पर्यटक धो से फोक्सुंडो झील की तरफ से लौट रहे थे। इसी दौरान वे बर्फ में फंस गए। साथ ही बताया कि उन्हें स्थानीय लोगों ने पहाड़ पार करने में आने वाली कठिनाइयों के बारे में आगाह किया था। इसके बाद भी वे आगे बढ़ गए और अब उनसे संपर्क टूट गया है।
यह भी पढ़े -नेपाल में बाढ़-भूस्खलन से भारी तबाही, 45 घर तबाह, 95 लोगों का रेस्क्यू, 5 लोग अब भी लापता, बचाव अभियान में जुटी सेना
शे-फोक्सुंडो गांवपालिका के अध्यक्ष धावा साम्दुक गुरूंग बताते हैं कि वार्ड नंबर 4 और 8 के बीच स्थित दर्रों में मोबाइल नेटवर्क बिल्कुल भी नहीं मिल पा रहा है। इलाके में संचार सुविधा नहीं होने के कारण पर्यटकों की स्थिति के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
हेलीकॉप्टर की मांग
डोल्पा के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) अनिल राज गिरी ने ताजा जानकारी देते हुए कहा कि 6 भारतीय पर्यटकों का अभी तक कोई पता नहीं चल पा रहा है। उनकी तलाश और बचाव अभियान के लिए संबंधित निकायों से हेलीकॉप्टर की व्यवस्था करने की अपील की गई है। वे आगे कहते हैं कि ऊंचाई वाले हिमालयी इलाके में भारी बर्फबारी और खराब मौसम की वजह से तलाशी और बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं।
Created On :  

