Nepal Flood: नेपाल पर कुदरत एक बार फिर कहर बनकर टूटी, पल-पल प्रलय का डर, यूपी-बिहार के कई जिलों में हाई अलर्ट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के पड़ोसी मुल्क नेपाल पर कुदरत एक बार फिर कहर बनकर टूट पड़ी है। भूस्खलन के बाद आई बाढ़ ने नेपाल की चिंता बढ़ा दी है। जल का बहाव इतना तेज था कि तीन पुल टूट गए और 35 से ज्यादा मकान बह गए। बस इतना ही नहीं कई इलाकों का एक दूसरे से संपर्क टूट गया है। इस घटना को देखते हुए भारत सरकार अलर्ट हो गई है। बिहार और उत्तर-प्रदेश में सतर्कता बढ़ा दी गई है। वहीं, संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा और निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़े -नेपाल में कुदरत का कहर! बुढ़ीगंडकी नदी में भीषण बाढ़, 35 मकान बहे, कई पुल टूटे, 6 का रेस्क्यू, बचाव अभियान जारी
नेपाल के गोरखा जिले के चुमनुब्री गांवपालिका में रविवार सुबह करीब 4:35 बजे बाढ़ आने की खबर मिली थी। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, चुम्के खोला में पहाड़ का मलबा गिरने से पानी का रास्ता रुक गया था। इसके बाद अचानक पानी तेजी से बहने लगा।बाढ़ का असर दोभान, घट्टेखोला, जगत और सल्लेरी गांवों में भी पड़ा है। नेपाल के नारायणी नदी यानी गंड़क नदी में अचानक आई बाढ़ की स्थिति को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा के पास और बिहार-यूपी के निचले इलाकों में अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया है। एडवाइजरी के अनुसार भारत में इसका असर न के बराबर रहने का अनुमान जताया गया है।
बिहार के जल संसाधन विभाग ने 11 अक्टूबर को नेपाल में आई अचानक बाढ़ को देखते हुए संबंधित अधीक्षण अभियंताओं को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसमें गंडक और बूढ़ी गंडक नदी के जलस्तर में वृद्धि की आशंका को देखते हुए लगातार निगरानी करने को कहा गया है। अधिकारी दिन-रात स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
विभाग ने अधिकारियों को जरूरी बाढ़ नियंत्रण सामग्री, श्रमिकों और प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही तटबंधों और संरचनाओं की सुरक्षा के लिए समय पर सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़े -नेपाल के गृह मंत्री सुदान गुरुंग की अगले सप्ताह भारत यात्रा, बिम्सटेक गृह मंत्रियों की बैठक में होंगे शामिल
उत्तर प्रदेश के इन जिलों में अलर्ट
महराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया में अलर्ट जारी कर दिया गया है। महाराजगंज जिले पर सबसे ज्यादा निगरानी की जा रही है और इसे हाई अलर्ट पर रखा गया है।
बिहार के 8 जिलों में अलर्ट
पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण (छपरा) मुजफ्फरपुर, वैशाली और सुपौल को अलर्ट पर रखा गया है।
Created On :   11 Oct 2026 7:47 PM IST












