Indigo Flight Emergency Landing: दिल्ली-चेन्नई इंडिगो फ्लाइट में लगी आग, पॉवर बैंक ब्लास्ट होने से जला लगेज, हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग

दिल्ली-चेन्नई इंडिगो फ्लाइट में लगी आग, पॉवर बैंक ब्लास्ट होने से जला लगेज, हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग
दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो एयरलाइन की फ्लाइट में आग लग गई, जिसके बाद हैदराबाद में उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक पैसेंजर के पॉवर बैंक में ब्लास्ट होने से उसके बैग में आग लग गई।

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो एयरलाइन की फ्लाइट में आग लग गई, जिसके बाद हैदराबाद में उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक पैसेंजर के पॉवर बैंक में ब्लास्ट होने से उसके बैग में आग लग गई थी।

धुंआ निकलने के बाद यात्रियों ने क्रू मेंबर्स को सूचना दी। इसके बाद फ्लाइट को डायवर्ट कर हैदराबाद एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया।

क्या बोली एयरलाइन?

इस घटना पर इंडिगो एयरलाइन ने कहा कि आग लगने की सूचना मिलने के बाद क्रू मेंबर्स ने स्थिति पर काबू पाया। पायलटों ने विमान को डायवर्ट कर हैदराबाद में लैंड कराया। एयरलाइन के मुताबिक, यात्रियों को अब दूसरे विमान के जरिए चेन्नई पहुंचाया जाएगा।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें पैसेंजर्स फायर-फायर चिल्लाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं कुछ आग वाली जगह से सामान को हटाकर दूसरी जगह रखते भी दिख रहे हैं।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना

प्लेन में पॉवर बैंक फटने की घटना पहले भी सामने आ चुकी है। इसी साल मई में हैदराबाद से चंडीगढ़ जा रही फ्लाइट में एक यात्री का पॉवर बैंक ब्लास्ट हो गया था। इस हादसे में 5 यात्री घायल हो गए थे।

ये हादसा उस वक्त हुआ जब विमान एयरपोर्ट पर खड़ा था। पॉवर बैंक ब्लास्ट के बाद विमान में धुआं भर गया, जिससे पैसेंजर घबरा गए। उन्हें क्रू मेंबर्स ने इमरजेंसी गेट से बाहर निकाला।

बता दें कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानि DGCA के नियमों के मुताबिक, विमान में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की परमिशन तो है लेकिन उनका करने के नियम अलग-अलग है। जैसे मोबाइल, लैपटॉप और टैबलेट को फ्लाइट मोड पर करके उनका इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं पॉवर बैंक का इस्तेमाल भी वर्जित है, उन्हें केवल हैंड बैगेज में ही ले जाने की अनुमति है। इसकी वजह उनमें इस्तेमाल होने वाली लीथियम बैटरियां हैं, जो कि आग लगने की बड़ी वजह बन सकती हैं।

Created On :   11 Oct 2026 7:41 PM IST

Tags

Next Story