Uttarakhand Earthquake: दिन में दो बार कांपी उत्तराखंड की धरती, बागेश्वर के बाद उत्तरकाशी में आया भूकंप, रिक्टर स्केल पर 4.2 मापी गई तीव्रता

दिन में दो बार कांपी उत्तराखंड की धरती, बागेश्वर के बाद उत्तरकाशी में आया भूकंप, रिक्टर स्केल पर 4.2 मापी गई तीव्रता
वभूमि उत्तराखंड की धरती शनिवार को दो बार कांपी। राज्य के उत्तरकाशी में रात करीब 8 बजे और इससे पहले बागेश्वर में भूकंप के झटके महसूस किए गए।

डिजिटल डेस्क, देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड की धरती शनिवार को दो बार कांपी। राज्य के उत्तरकाशी में रात करीब 8 बजे और इससे पहले बागेश्वर में भूकंप के झटके महसूस किए गए। उत्तरकाशी में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.2 मापी गई। वहीं बागेश्वर में 2.8 तीव्रता का भूकंप आया था। हालांकि, अभी तक भूकंप से किसी भी प्रकार के जानमाल के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।

उत्तरकाशी में भूकंप के झटके महसूस होने के बाद लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, रात 8 बजकर 7 मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.2 मापी गई।

भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी से दो किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था, इसकी गहराई 11 किलोमीटर नीचे थी। उत्तरकाशी शहर और यमुनोत्री घाटी में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए।

4 दिन में दूसरी बार आया भूकंप

उत्तराखंड में बीते 4 दिनों के भीतर यह दूसरी बार है जब भूकंप के झटके महसूस किए हैं। इससे पहले 6 अक्टूबर को भी देवभूमि उत्तराखंड की धरती भूकंप के झटकों से कांपी थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भूकंप का केंद्र चमोली रहा। 6 अक्टूबर को राज्य के चमोली, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, उधम सिंह नगर समेत कई जिलों में भूकंप आया था। इसके अलावा दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी धरती हिलने लगी थी।

उत्तराखंड में क्यों आते हैं भूकंप?

उत्तराखंड का गढ़वाल-कुमाऊं हिमालय भारत के सबसे सक्रीय भूकंपीय इलाके में आता है। यहां भूकंप आने की वजह यूरेशियन और इंडियन टेक्टोनिक प्लेंटों के बीच होने वाली टक्कर है।

Created On :   10 Oct 2026 11:56 PM IST

Tags

Next Story