Jantar Mantar Protest: जंतर-मंतर प्रोटेस्ट पर प्रशांत किशोर का बड़ा दावा, बताया क्यों केंद्र सरकार ने सड़कों पर उतारी पैरामिलिट्री फोर्स?

डिजिटल डेस्क, पटना। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन को लेकर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को 40 हजार पैरामिलिट्री जवानों को सड़कों पर उतारना पड़ा। इससे पता चलता है कि प्रदर्शन कितना ताकतवर था और सरकार डरी हुई है।
प्रदर्शन पर प्रशांत किशोर ने क्या कहा?
प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "कई लोग यह देख रहे हैं कि प्रदर्शन में कितने लोग पहुंचे, हम लोग यह नहीं देख रहे हैं। सरकार को प्रदर्शन रोकने के लिए 40 हजार पैरामिलिट्री फोर्स को उतारना पड़ा। यह दिखाता है कि प्रोटेस्ट कितना सफल है।"
दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया था। इसमें शामिल होने के लिए देशभर से लोग पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को रास्ते में ही हिरासत में ले लिया था। इस दौरान पुलिस ने 2 हजार से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया था। रात तक सीजेपी नेताओं को छोड़कर बाकी सभी लोगों को रिहा कर दिया गया।
JDU प्रत्याशी के बयान पर किया पलटवार
प्रशांत किशोर ने बिहार विधान परिषद चुनाव में जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार के 'बुखार छुड़ा देने' वाले बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि नीरज कुमार अब बेरोजगार हो जाएंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जेडीयू का वफादार बताने वाले नीरज कुमार डॉक्टर तो नहीं हो सकते।
उन्होंने आगे कहा कि पिछले डेढ़ साल में जेडीयू के खिलाफ किन-किन नेताओं ने क्या जानकारियां दी हैं और क्या पेपर लीक किया है, यह सब जनता के सामने जारी करें।
NDA की समन्वय बैठक पर क्या बोले?
जन सुराज के संस्थापक ने एनडीए की समन्वय बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह बांकीपुर में 480 नेताओं की बैठक के बाद उनमें घबराहट देखने को मिली थी, वैसा ही एमएलसी चुनाव में भी दिखाई देने वाला है।
उन्होंने कहा कि एनडीए चाहे विधानमंडल की बैठक बुलाए या विधान परिषद की, अब बिहार के पढ़े-लिखे मतदाता सातवीं पास मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को जीतने नहीं देंगे।
बताते चलें कि बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर चुनाव होने हैं। इसे लेकर प्रशांत किशोर सक्रिय हो गए हैं और उन्होंने सभी सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
Created On :   10 Oct 2026 11:24 PM IST












