British Airways Flight Emergency Landing: चंद मिनटों में 28 हजार फिट से नीचे आई ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट, इमरजेंसी अलर्ट के बाद वापस लंदन लौटी

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। लंदन से अमेरिका के शिकागो जा रही ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आयरलैंड के ऊपर उड़ान भरते हुए वह अचानक करीब 28 हजार फीट नीचे आ गई। इस दौरान फ्लाइट ने 7700 इमरजेंसी कोड एक्टिव किया, जिसके बाद उसे शिकागो की जगह वापस लंदन की तरफ मोड़ दिया गया है। उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA295 लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट के टर्मिनल-5 से स्थानीय समयानुसार सुबह करीब पौने 12 बजे शिकागो के लिए रवाना हुई थी। यह उड़ान करीब पौने 9 घंटे की थी।
करीब 1 घंटे के बाद फ्लाइट 37 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रही थी, तभी उसमें कुछ समस्या आई और वह तेजी से नीचे की तरफ गिरने लगा। कुछ ही मिनटों में फ्लाइट करीब 28 हजार फीट नीचे आ गई। उस वक्त विमान आयरलैंड के ऊपर उड़ान भर रहा था।
तेजी से नीचे गिरने की वजह से पायलट ने ट्रांसपोंडर पर 7700 कोड जारी किया। यह कोड एयर ट्रैफिक कंट्रोल को फ्लाइट में सामान्य इमरजेंसी का संकेत देता है। इससे यह पता नहीं चलता कि समस्या किस तरह की है।
क्या होता है 7700 कोड?
7700 फ्लाइट में गंभीर इमरजेंसी की कंडीशन में इस्तेमाल होने वाला इंटरनेशनल स्क्वॉक कोड है। इंजन में खराबी, मेडिकल इमरजेंसी या किसी दूसरी गंभीर स्थिति में पायलट द्वारा इसे सेट किया जाता है।
कोड को पायलट कॉकपिट में लगे ट्रांसपोंडर पर सेट करते हैं। इसके बाद ट्रांसपोंडर रेडियो सिग्नल के माध्यम से यह जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम तक पहुंचाता है। कंट्रोलर के रडार डिस्प्ले पर फ्लाइट की पहचान के साथ इमरजेंसी कोड दिखाई देता है।
जानकारी मिलने के बाद ATC फ्लाइट को प्राथमिकता दे सकता है, दूसरे विमानों के रूट में जरूरी बदलाव कर सकता है और एयरपोर्ट की इमरजेंसी टीमों को तैयार कर सकता है।
Created On :   5 Oct 2026 9:05 PM IST














