Captain Smit Machhar: कॉकपिट हमले के हीरो कैप्टन स्मित मछार से मिले दुबई प्रिंस, गले मिलकर बहादुरी को किया सलाम

कॉकपिट हमले के हीरो कैप्टन स्मित मछार से मिले दुबई प्रिंस, गले मिलकर बहादुरी को किया सलाम
फ्लाईदुबई के विमान में 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय कैप्टन पायलट स्मित मछार से दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने मुलाकात की।

डिजिटल डेस्क, अबू धाबी। फ्लाईदुबई के विमान में 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय कैप्टन पायलट स्मित मछार से दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने मुलाकात की। यह मुलाकात अबू धाबी के अस्पताल में शनिवार को हुई। इस दौरान प्रिंस शेख हमदान ने कैप्टन को गले लगाया, उनका माथा चूमा, उनसे बातचीत की और उनकी बहादुरी की सराहना की। उन्होंने बताया कि उन्हें इस बात पर गर्व है कि वह उनकी टीम में शामिल हैं।

कैप्टन को लेकर प्रिंस ने क्या कहा?

दुबई के प्रिंस ने इस मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बताया, "कैप्टन स्मित माछर से मुलाकात के दौरान... फ्लाईदुबई के उस पायलट से, जिन्होंने साहस, जिम्मेदारी और इंसानी जिंदगी के प्रति संवेदनशीलता की सबसे बड़ी मिसाल पेश की है।"

उन्होंने आगे कहा, "हमारे और देश के नेतृत्व की तरफ से, हम उनके प्रति पूर्ण सम्मान और प्रशंसा व्यक्त करते हैं। हमें इस बात पर गर्व है कि वह हमारी टीम का हिस्सा हैं, हमारे देश की कहानी का हिस्सा हैं और करुणा, शांति और जीवन से भरे हमारे देश संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के आदर्शों का हिस्सा हैं।"

अल हमामी ने अचानक किया हमला

कैप्टन स्मित मछार दुबई से इजरायल के तेल अवीव के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 को उड़ा रहे थे। इस दौरान कॉकपिट में उनके साथ को-पायलट हमाम अल हमामी थे। वह ओमानी नागरिक बताए जा रहे हैं। हमलावर को-पायलट ने कैप्टन मछार पर जिस समय कुल्हाड़ी से हमला किया था, उस समय प्लेन 33 हजार फीट ऊपर उड़ रहा था। बताया जा रहा है कि हमलावर विमान को अपने कब्जे में लेकर उसे क्रैश कराने की कोशिश में था, लेकिन भारतीय कैप्टन ने उसके मंसूबों पर पानी फेरते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने विमान की कमान संभाली और विमान पर काबू पाया।

वहीं, विमान में मौजूद यात्रियों ने हमलावर को पकड़ लिया। इसके बाद सऊदी अरब में प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग कराई और घायल कैप्टन को अनन-फानन में वहीं के अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए यूएई के अबूधाबी अस्पताल में एयरलिफ्ट कराया।

Created On :   3 Oct 2026 8:43 PM IST

Tags

Next Story