Attack in Madinah: सऊदी अरब के मदीना पावर स्टेशन पर हूतियों का बड़ा हमला, ट्रांसफॉर्मर के तहस-नहस होने की खबर

डिजिटल डेस्क, रियाद। हूती विद्रोहियों ने इस्लाम के सबसे पवित्र स्थलों में से एक मदीना पावर स्टेशन को निशाना बनाया है। यह दावा सऊदी-नेतृत्व वाले गठबंधन ने किया है। उनका कहना है कि इस हमले में वहां मौजूद एक ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हो गया है। बताया जा रहा है कि इस पावर स्टेशन से पैगंबर की मस्जिद को बिजली की सप्लाई होती है। जानकारी के मुताबिक, इस मस्जिद को मस्जिद-ए-नबवी के नाम से भी जाना जाता है। हालांकि, इस हमले में सिर्फ ट्रांसफॉर्मर को नुकसान पहुंचा है, जबकि बिजली नेटवर्क सुरक्षित बताया जा रहा है।
यह भी पढ़े -हूती समूह का दावा एफ-15 और टाइफून लड़ाकू विमानों ने यमन के तीन प्रांतों में किए 28 हवाई हमले
हूतियों ने आरोपों को किया खारिज
सबा समाचार एजेंसी, जिसे हूतियों के जरिए संचालित किया जाता है, ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि गुरुवार को इस हमले को हूतियों ने अंजाम नहीं दिया है। साथ ही, हूतियों ने सऊदी के दावे को झूठा करार दिया है। हूतियों ने बताया कि यह दावा सऊदी की उस नाकामी को छिपाने के लिए किया जा रहा है, जिसमें वे अपने पहले किए गए दावों को साबित नहीं कर पाए थे। इससे पहले सऊदी अरब ने मक्का पर ड्रोन हमला होने का दावा किया था। इसे भी हूतियों ने खारिज कर दिया था।
3 घंटे में 20 हवाई हमले
सऊदी गठबंधन के आरोपों के कुछ ही घंटों बाद हूतियों ने दावा किया कि राजधानी सना और यमन के कई हिस्सों में सऊदी ने हमले किए हैं। हालांकि, सऊदी अरब की तरफ से इन घटनाओं की तुरंत पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, अरब न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी समर्थित यमन की सेना के प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने पिछले तीन घंटों में 20 सटीक हवाई हमले किए हैं। इनमें ताइज प्रांत में हूतियों की गतिविधियों, अतिरिक्त सैनिकों, जमावड़ों, लड़ाकों, गाड़ियों और सैन्य उपकरणों को निशाना बनाया गया है।
सेना के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया, "इन हमलों में दुश्मन के ठिकानों पर सीधे प्रहार किए गए और मिलिशिया के लड़ाकों, उपकरणों और सैन्य गतिविधियों को नुकसान पहुंचाया गया।"
Created On :   2 Oct 2026 4:09 PM IST











