जंतर-मंतर आंदोलन: 'प्रदर्शन नहीं करने का कोई बॉन्ड नहीं भरा', रिहाई के बाद अभिजीत दीपके का बयान, कहा- दोबारा सड़कों पर उतरेंगे

प्रदर्शन नहीं करने का कोई बॉन्ड नहीं भरा, रिहाई के बाद अभिजीत दीपके का बयान, कहा- दोबारा सड़कों पर उतरेंगे
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन को लेकर बयान जारी किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि आंदोलन जारी रहेगा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन को लेकर बयान जारी किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने बताया कि प्रदर्शन नहीं करने को लेकर उन्होंने ऐसा कोई बॉन्ड भी साइन नहीं किया है। उन्होंने आगे कहा कि वे दोबारा सड़कों पर उतरेंगे।

विमान के अंदर से हिरासत में लिया

रविवार सुबह अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को दिल्ली कैंट स्थित कार्यकारी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। इसके बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। शांति और अच्छे व्यवहार को बनाए रखने के लिए उनसे 50 हजार रुपये का जमानती बॉन्ड भी जमा करवाया गया।

CJP के तीनों कार्यकर्ता शनिवार को मुंबई से फ्लाइट के जरिए दिल्ली पहुंचे थे। दिल्ली पहुंचते ही उन्हें विमान के अंदर से हिरासत में ले लिया गया। वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली आए थे।

इन धाराओं के तहत की गई कार्रवाई

CJP के कानूनी मामलों की प्रमुख रत्ना सिंह ने कहा कि तीनों नेताओं को इस शर्त पर रिहा किया गया कि वे एक साल तक शांति भंग नहीं करेंगे। इससे पहले रविवार को दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी थी कि तीनों नेताओं को एहतियातन हिरासत में लिया गया था। साथ ही उनके खिलाफ BNSS की धारा 126 और 170 के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस ने हिरासत के मामले में क्या बताया?

दिल्ली पुलिस ने रविवार को एक्स पर बताया कि अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को 10 अक्टूबर, 2026 को एहतियातन हिरासत में लिया गया था। इस दौरान उनके खिलाफ BNSS की धारा 126/170 के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस ने आगे बताया कि इस दौरान सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया और तीनों को 11 अक्टूबर, 2026 को दिल्ली कैंट स्थित SEM अदालत में पेश किया गया।

Created On :   11 Oct 2026 7:20 PM IST

Tags

Next Story