Bangladesh Workers Protest: बांग्लादेश में सड़कों पर उतरे कपड़ा मजदूर, कई जगहों पर हुई हिंसा, वेतन में बढ़ोतरी की कर रहे मांग

बांग्लादेश में सड़कों पर उतरे कपड़ा मजदूर, कई जगहों पर हुई हिंसा, वेतन में बढ़ोतरी की कर रहे मांग
पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश की राजधानी ढाका में कपड़ा फैक्ट्रियों के मजदूरों ने रविवार को प्रदर्शन किया। वह वेतन बढ़ाने की मांग की कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान कई जगहों पर हिंसा हुई।

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश की राजधानी ढाका में कपड़ा फैक्ट्रियों के मजदूरों ने रविवार को प्रदर्शन किया। वह वेतन बढ़ाने की मांग की कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान कई जगहों पर हिंसा हुई। मीरपुर इलाके में प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक रही पुलिस पर पत्थरबाजी की गई। पुलिस की एक गाड़ी को आग के हवाले भी कर दिया गया। यहां तक गाजीपुर की पुलिस चौकी में ही आग लगा दी।

फैक्ट्रियों में लगे ताले

मजदूरों के न होने से फैक्ट्रियों में काम नहीं हो सका। अशुलिया में करीब 30 फैक्ट्रियां बंद रहीं। प्रदर्शनकारी मजदूरों की डिमांड है कि उनकी वेतन में बढोतरी की जाए। अभी जो उन्हें 9600 रुपये प्रतिमाह मिलते हैं, वो बढ़ाकर लगभग 23 हजार किए जाएं।

उनका कहना है कि ओवरटाइम करने के बाद भी हमें केवल 14 से 15 हजार रुपये ही मिल पाते हैं। इतने में घर चलाना मुश्किल होता है। महंगाई बढ़ने के साथ वेतन में बढ़ोतरी भी होनी चाहिए।

पुलिस ने किया बल का प्रयोग

प्रदर्शनकारी मजदूर रविवार की सुबह राजधानी ढाका के मीरपुर चौराहा-10 पर एकत्रित हुए। उन्होंने सड़कें जाम कर दीं। इसके बाद मजदूरों और पुलिस के बीच झड़प हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मजदूरों ने पुलिसकर्मियों पर हमला भी किया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उन पर लाठीचार्ज किया। भीड़ को काबू करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया।

गाजीपुर के कोनाबाड़ी इलाके में प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिस चौकी में आग लगा दी। इसके बाद हालात संभालने के लिए प्रशासन ने बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) को तैनात किया।

बता दें कि बांग्लादेश की 4 हजार कपड़ा फैक्ट्रियों में करीब 40 लाख मजदूर काम करते हैं। बांग्लादेश चीन के बाद दुनिया में सबसे ज्यादा कपड़े निर्यात करने वाला दूसरा देश है। यहां के कपड़े 150 से ज्यादा देशों में बेचे जाते हैं। बांग्लादेश गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में बांग्लादेश ने करीब 3.68 लाख करोड़ रुपए के कपड़े दूसरे देशों को बेचे।

Created On :  

Tags

Next Story