Israel News: ट्रंप के फैसले से इजराइल में सियासी भूचाल, नेतन्याहू पर विपक्ष का हमला, सुरक्षा पर बड़ा खतरा

ट्रंप के फैसले से इजराइल में सियासी भूचाल, नेतन्याहू पर विपक्ष का हमला, सुरक्षा पर बड़ा खतरा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजराइल को मिलने वाली सालाना सैन्य सहायता बंद करने का ऐलान किया है। फैसले से इजराइल में राजनीतिक और सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इजराइल को दी जाने वाली सालाना सैन्य सहायता बंद करने के फैसले से वहां की राजनीति में हलचल मच गई है। इजराइल के विपक्षी नेताओं ने ट्रंप के इस कदम को राष्ट्र सुरक्षा के लिए बड़ा झटका बताया, और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को घेरा है। विपक्ष के नेता यायर लापिड ने इसे इजराइल के इतिहास की सबसे गंभीर राजनीतिक और सुरक्षा विफलताओं में से एक करार दिया।

आपको बता दें लगातार सैन्य अभियानों की वजह से इजराइल के एयर डिफेंस सिस्टम और हथियारों के स्टोरेज पर दबाव है। ऐसे में अमेरिकी सहायता बंद होने से रक्षा तैयारियों को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। 2016 में हुए 10 वर्षीय समझौते के तहत अमेरिका ने 2028 तक इजराइल को हर साल करीब 3.8 अरब डॉलर की सैन्य सहायता देने का वादा किया था। इसमें हथियारों और मिसाइल रक्षा कार्यक्रमों के लिए वित्तीय मदद शामिल है।

लापिड ने आगे कहा कि यह समझना मुश्किल है कि नेतन्याहू ने ट्रंप के फैसले के सामने घुटने टेक दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री पर सुरक्षा तंत्र को तैयार करने में नाकाम रहने का आरोप भी लगाया। लापिड की यह प्रतिक्रिया ट्रंप की उस घोषणा के बाद आई, जिसमें उन्होंने इस साल के अंत तक इजराइल को मिलने वाली करीब 4 अरब डॉलर की सालाना सहायता बंद करने की बात कही है।

इजराइल की डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रेसिडेंट यायर गोलान ने भी फैसले की आलोचना की। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सहायता बंद होने से इजराइल की सुरक्षा और आम लोगों के जीवन स्तर पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। गोलान के मुताबिक अब सुरक्षा जरूरतों के लिए अतिरिक्त धन जुटाने का बोझ इजराइली जनता पर पड़ेगा।

फॉक्स न्यूज को दिए अपने साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा कि इजराइल आर्थिक रूप से तरक्की कर रहा है और अब उसे अमेरिकी वित्तीय सहायता की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि नेतन्याहू ने खुद सहायता समाप्त करने की संभावना पर चर्चा की थी।

Created On :  

Tags

Next Story