U.S. Midterm Elections 2026: क्यों होते हैं मिडटर्म इलेक्शन? ट्रंप की सत्ता पर कितना पड़ेगा असर, समझिए पूरा गणित

क्यों होते हैं मिडटर्म इलेक्शन? ट्रंप की सत्ता पर कितना पड़ेगा असर, समझिए पूरा गणित
3 नवंबर को मतदान से तय होगा अमेरिकी संसद के दोनों सदनों का नियंत्रण; रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला, नतीजों से तय होगी ट्रंप की राजनीतिक ताकत।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका में 3 नवंबर को मिडटर्म चुनाव हो रहे हैं। इसे लेकर रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टी ने प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक दी है। मिडटर्म चुनावों में करीब 21 करोड़ पंजीकृत मतदाता मतदान के पात्र हैं। इनके फैसले से तय होगा कि प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी संसद में अपना बहुमत बरकरार रख पाएगी या डेमोक्रेटिक पार्टी को सत्ता के फैसलों में अधिक दखल देने का मौका मिलेगा।

ऐसे में समझना जरूरी है कि यूएस में प्रेसिडेंट इलेक्शन से अलग मिडटर्म चुनाव क्यों होते हैं? इनमें किन पदों के लिए मतदान किया जाता है? चुनाव परिणाम राष्ट्रपति की शक्तियों को किस तरह प्रभावित करते हैं और इस बार दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के लिए ये चुनाव इतने अहम क्यों हैं? इसके अलावा चुनाव में किन मुद्दों की चर्चा है, कितना चुनावी चंदा दिया गया और पिछले चुनावों के नतीजे क्या रहे?

अमेरिकी संसद (कांग्रेस) कानून बनाने,संघीय बजट नियंत्रित करने और राष्ट्रपति के कामकाज पर निगरानी रखने का काम करती है। मध्यावधि चुनावों के जरिए मतदाता तय करते हैं कि संसद के दोनों सदनों में किस दल का बहुमत होगा।

क्यों होते हैं मिडटर्म चुनाव?

मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति पद के लिए मतदान नहीं होता, बल्कि प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) और सीनेट के सदस्यों का चुनाव किया जाता है। प्रतिनिधि सभा कांग्रेस का निचला सदन है, जबकि सीनेट उच्च सदन है।

अमेरिकी राष्ट्रपति का चुनाव हर चार साल में होता है। इसके ठीक दो साल बाद यानी राष्ट्रपति के कार्यकाल के बीच में मध्यावधि चुनाव कराए जाते हैं। जिसका उद्देश्य अमेरिकी संसद यानी कांग्रेस के दोनों सदनों में राजनीतिक दलों की स्थिति और बहुमत तय करना है।

इससे यह निर्धारित होता है कि राष्ट्रपति के पास अपने बचे हुए दो वर्षों के कार्यकाल में नीतियां, कानून और बजट पास कराने की कितनी स्वतंत्रता या चुनौती होगी। अगर विपक्षी दल किसी भी सदन में बहुमत हासिल कर लेता है, तो वह राष्ट्रपति के विधायी एजेंडे को बाधित कर सकता है और प्रशासन की जांच शुरू कर सकता है।



सांसदों का कार्यकाल और चुनावी चक्र

निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के सभी 435 सदस्यों का कार्यकाल केवल दो साल का होता है। इन सभी सीटों पर राष्ट्रपति चुनाव के बीच में चुनाव होते हैं।

उच्च सदन की 100 सीट वाली सीनेट में सांसदों (सीनेटरों) का 6 वर्ष का होता है, हर दो साल में सीनेट की करीब एक तिहाई यानी 35 सीटों पर चुनाव होते है, 35 सीटों पर राष्ट्रपति चुनाव के साथ होते है। यानी इन सीटों पर चुनाव चरणबद्ध होते हैं।

अमेरिकी संसद के अलावा यूएस के 50 स्टेट में से 36 राज्यों में गवर्नर, राज्य विधायिकाओं और स्थानीय स्तर के पदाधिकारियों का चुनाव भी मिडटर्म चुनाव का हिस्सा होते हैं।

Created On :  

Tags

Next Story