अमेरिकी मिडटर्म चुनाव 2026: भारतीय मूल के रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी को मिली हार, दो दशक बाद ओहायो गवर्नर पद डेमोक्रेटिक कैंडिडेट ने जीता

भारतीय मूल के रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी को मिली हार, दो दशक बाद ओहायो गवर्नर पद डेमोक्रेटिक कैंडिडेट ने जीता
ओहायो के गवर्नर पद का चुनाव 2026 के मिडटर्म चुनावों के सबसे चर्चित मुकाबलों में शुमार था। दोनों उम्मीदवार निवर्तमान रिपब्लिकन गवर्नर माइक डिवाइन का स्थान लेने के लिए चुनावी मैदान में थे।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ओहायो के गवर्नर पद के मिडटर्म चुनाव में भारतीय मूल के रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी को हार का सामना करना पड़ा, उनको डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रत्याशी एमी एक्टन ने हराया है। उनकी हार को रिपब्लिकन पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। यहां पहले गवर्नर का पद इसी पार्टी के पास था। चुनाव में रिपब्लिकन कैंडिडेट विवेक रामास्वामी का मुख्य मुकाबला डेमोक्रेट एमी एक्टन से था।

आपको बता दें इसी जीत के साथ ओहायो में 20 साल बाद किसी डेमोक्रेट को गवर्नर बनने का मौका मिला है। इससे पहले 2006 में डेमोक्रेटिक पार्टी ने गवर्नर पद जीता था। डेमोक्रेट्स के लिए यह मुकाबला बेहद खास था, क्योंकि वे दो दशकों के बाद फिर से गवर्नर का पद हासिल करने का प्रयास कर रहे थे।

बायोटेक उद्यमी (entrepreneur) और 2024 के यूएस प्रेसिडेंट चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के पूर्व उम्मीदवार रहे रामास्वामी ने प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप और राज्य की रिपब्लिकन पार्टी के समर्थन के साथ पार्टी का नामांकन हासिल किया था। हार के बाद रिपब्लिकन विवेक रामास्वामी ने कहा कि मेरा मानना है कि हमारे देश के इतिहास में कई उतार-चढ़ाव आए हैं और अंततः हमने हमेशा आगे बढ़ने का रास्ता खोज ही लिया है।

अमेरिकी न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार ओहायो के गवर्नर पद का चुनाव 2026 के मिडटर्म चुनावों के सबसे चर्चित मुकाबलों में शुमार था। दोनों उम्मीदवार निवर्तमान रिपब्लिकन गवर्नर माइक डिवाइन का स्थान लेने के लिए चुनावी मैदान में थे। कार्यकाल की समयसीमा से जुड़े नियमों की वजहों से डिवाइन दोबारा चुनाव नहीं लड़ सकते थे।

आपको बता दें डेमोक्रेटिक कैंडिडेट एमी एक्टन पेशे से डॉक्टर हैं। वो ओहियो राज्य की पूर्व स्वास्थ्य निदेशक के रूप में भी अपनी सर्विस दे चुकी हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान एमी को काफी पहचान मिली थी।

Created On :  

Tags

Next Story