मिडिल ईस्ट संघर्ष: मदीना की ओर हूतियों की बैलिस्टिक मिसाइल! सऊदी डिफेंस ने किया इंटरसेप्ट, यमन में भीषण जंग और होर्मुज में टैंकर में आग

डिजिटल डेस्क, रियाद। पश्चिम एशिया में तनाव जारी है। इस बीच सऊदी अरब, यमन और ईरान से जुड़ी कई अहम घटनाएं सामने आई हैं। सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन का दावा है कि हूतियों ने मदीना की तरफ बैलिस्टिक मिसाइल दागी थी, जिसे उसके एयर डिफेंस ने हवा में ही मार गिराया। इसके अलावा यमन में सरकारी बलों और हूतियों के बीच भीषण संघर्ष की खबर मिली है। वहीं, ईरान की नौसेना ने दावा करते हुए कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक तेल टैंकर नौसैनिक बारूदी सुरंग से टकरा गया। इसके बाद उसमें आग लग गई।
यह भी पढ़े -अमेरिका में मिडटर्म इलेक्शन के बाद ईरान पर फिर हमले की संभावना, सुप्रीम लीडर खामेनेई ने सेना को किया अलर्ट
मदीना प्रांत के लिए चेतावनी
सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता कर्नल तुर्की अल-मलिकी का कहना है कि गठबंधन के एयर डिफेंस ने हूतियों की तरफ से मदीना इलाके में दागी गई बैलिस्टिक मिसाइल को इंटरसेप्ट कर तबाह कर दिया है। इससे पहले सऊदी अरब की सिविल डिफेंस ने लाल सागर के पास मदीना प्रांत के यानबू गवर्नरेट के लिए कुछ समय के लिए चेतावनी भी जारी की थी।
यमन में कई लोगों की मौत?
यमन के लाहिज गवर्नरेट में अल-मकतरा मोर्चे पर सरकारी बलों और हूतियों के बीच भीषण लड़ाई शुरू होने की बात बताई जा रही है। सरकारी बलों ने दावा करते हुए बताया कि इस संघर्ष में हूतियों के सैन्य वाहनों और लड़ाकों को निष्क्रिय कर दिया गया है।
यमन के ताइज में भी देश के हालात बिगड़ने की जानकारी मिली है। यहां गोलीबारी और हूतियों की घेराबंदी के चलते मानवीय संकट गहराया हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, इस हिंसा में महिलाओं और बच्चों समेत कई आम लोगों के मारे जाने की खबर है।
यह भी पढ़े -iPhone और महंगे परफ्यूम समुद्र में 'स्वाहा', छोटी नावों से सामान समेटने पहुंचे लोग! होर्मुज में डूबा कार्गो जहाज
हूतियों के बड़े हमले को नाकाम करने का दावा
यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के बलों ने ताइज के अल-अकुरुद में हूतियों के बड़े हमले को नाकाम करने का दावा किया है। सरकारी बलों ने बताया कि यह लड़ाई हमाह, अल-कुरैफ, रास अल-नकील और अल-कहफा सहित कई इलाकों तक फैल गई है। उन्होंने आगे दावा करते हुए कहा कि इसमें हूती लड़ाके मारे गए या घायल हुए हैं। इसके साथ ही काहलान और साब्र मोर्चों पर आगे बढ़ने की भी जानकारी दी गई है। हालांकि, अभी तक हूतियों की तरफ से इन दावों पर कोई तत्काल प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
होर्मुज स्ट्रेट में टकराया जहाज
ईरानी नौसेना ने दावा किया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक तेल टैंकर की टक्कर नौसैनिक बारूदी सुरंग से हो गई है। इसके बाद उसमें आग लग गई। ईरान की अर्ध-सरकारी न्यूज एजेंसी तस्नीम ने नौसेना के हवाले से बताया कि टैंकर होर्मुज स्ट्रेट के पूर्व में एक असुरक्षित इलाके से निकल रहा था। इसको लेकर ईरानी अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि जहाज ने अपने डिटेक्शन और नेविगेशन सिस्टम बंद कर दिए थे। ईरान ने जहाज मालिकों को चेतावनी दी और कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज असुरक्षित है। साथ ही कहा कि बिना समन्वय के निकलने का प्रयास करने वाले गैरकानूनी जहाजों के लिए यह रास्ता बंद है।
Created On :  

