होर्मुज स्ट्रेट में बड़ी घटना: iPhone और महंगे परफ्यूम समुद्र में 'स्वाहा', छोटी नावों से सामान समेटने पहुंचे लोग! होर्मुज में डूबा कार्गो जहाज

डिजिटल डेस्क, अबू धाबी। मिडिल ईस्ट में तनाव फैलने की वजह से दुनिया का सबसे अहम समुद्री मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज भी इसकी चपेट में आ गया है। यहां लगातार जहाजों को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई हैं। ताजा मामला यह है कि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के स्वामित्व वाला एक कार्गो जहाज समुद्र में डूब गया। इसके बाद समुद्र में iPhone और महंगे परफ्यूम की बोतलें तैरती हुई दिखाई दीं। इस घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें छोटी नावों के सहारे लोग समुद्र में बिखरे सामान को समेट रहे हैं।
यह भी पढ़े -तीन साल से जारी युद्ध, अब तक कितने लोगों ने गंवाई जान? स्वास्थ्य मंत्रालय ने जारी किए आंकड़े
घटना पर IRGC का दावा
रिपोर्टों के मुताबिक, यह जहाज दुबई से करीब 2,500 कंटेनर लेकर निकला था, जिनमें iPhone और महंगे परफ्यूम भी शामिल थे। इसको लेकर ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि जहाज समुद्र में बिछाई गई बारूदी सुरंग की चपेट में आ गया था। हालांकि, समुद्री अधिकारियों ने इस दावे के उलट जानकारी दी है। उनका कहना है कि इस जहाज पर किसी अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ था।
गैस और LNG कारोबार के लिए अहम
होर्मुज स्ट्रेट में लगातार तनाव बढ़ता जा रहा है। इस तरह की घटनाएं ऐसे समय में हो रही हैं, जब मिडिल ईस्ट में हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। यह समुद्री रास्ता दुनिया में तेल और LNG की सप्लाई के लिए काफी अहम है। दुनिया के तेल और LNG कारोबार का लगभग पांचवां हिस्सा इसी रास्ते से होता है।
यह भी पढ़े -'ईरान की आय प्रभावित हो रही...', स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान की लगाई रोक पर अमेरिकी राष्ट्रपति का बड़ा बयान
प्रोजेक्टाइल से हुआ था हमला
इससे पहले 23 सितंबर को एंटीगुआ और बारबुडा के झंडे वाला जहाज Cape Dao इसी रास्ते के पास प्रोजेक्टाइल की चपेट में आ गया था और उसके समुद्र में डूबने की जानकारी मिली थी। इस घटना के दौरान एक क्रू मेंबर की जान चली गई थी, जबकि बाकी लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था। रिपोर्टों के अनुसार, यूके मेरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) एजेंसी ने 48 घंटे के अंदर इसी क्षेत्र में कम से कम पांच घटनाएं दर्ज की थीं, जिनमें टैंकरों और दूसरे व्यावसायिक जहाजों पर ड्रोन हमले भी शामिल थे।
Created On :   15 Oct 2026 4:17 PM IST













