जर्मनी में तीन भारतीय छात्रों की मौत: रिहायशी बिल्डिंग में आग लगने से हड़कंप, हत्या के शक में एक शख्स गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, बर्लिन। जर्मनी से भारत के लिए बेहद दुखद खबर सामने आई है। नॉर्थ राइन-वेस्टफेलिया के बोखुम शहर में बुधवार को एक रिहायशी बिल्डिंग में आग लग गई थी। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि इस घटना में तीन भारतीय नागरिकों की जान चली गई। इनमें 25 और 27 साल की दो युवतियां हैं, जबकि एक 26 साल का युवक बताया गया है। ये तीनों जर्मनी में पढ़ाई कर रहे थे।
यह भी पढ़े -फ्रैंकफर्ट-दिल्ली एअर इंडिया फ्लाइट की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग, विमान में बम की आशंका से मचा हड़कंप
एक अपार्टमेंट से तीन शव बरामद
रिपोर्टों के मुताबिक, आग लगने की खबर मिलते ही दमकलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। इस दौरान इमारत की दूसरी मंजिल पर बने एक अपार्टमेंट में तीनों के शव बरामद किए गए। खबर लिखे जाने तक मृतकों के नाम और भारत में वे किस जगह के रहने वाले थे, इसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली थी। साथ ही, बताया जा रहा है कि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें धुएं की वजह से सांस लेने में परेशानी हुई। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया। हालांकि, सभी घायलों की राष्ट्रीयता के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।
यह भी पढ़े -SGSU के विद्यार्थियों को देश-विदेश में मिल रहे करियर के नए अवसर, कैंपस प्लेसमेंट से वैश्विक इंटर्नशिप तक बढ़ा दायरा
हत्या की आशंका
बताया जा रहा है कि इस मामले में पुलिस ने हत्या के शक में 41 साल के एक रोमानियाई व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। हालांकि, आग किस वजह से लगी, इसकी वास्तविक जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी। फिलहाल जर्मनी की पुलिस और अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।
घटना पर भारतीय दूतावास ने क्या बताया?
इस घटना के बाद बर्लिन स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि जर्मनी में भारतीय दूतावास और फ्रैंकफर्ट स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास स्थानीय अधिकारियों और मृतकों के परिवारों के संपर्क में हैं। उन्हें हर जरूरी सहायता दी जा रही है। तीनों लोगों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Created On :   15 Oct 2026 5:01 PM IST













