PoK Protest: पीओके में फिर भड़की हिंसा, नागरिकों पर गोलियां बरसा रही पाकिस्तान सेना, 3 की मौत, दर्जनों घायल

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। पाकिस्तान अधिकृत जम्मू कश्मीर (PoK) में एक बार फिर हिंसा भड़क गई है। आज यानि गुरुवार सुबह करीब 5 बजे से ही पाकिस्तान सेना नागरिकों के घरों पर ड्रोन दाग रही है और गोलियां बरसा रही है। हिंसा में अब तक 3 लोगों की मौत हो गई है जबकि 18 से ज्यादा घायल हो गए हैं।
पाकिस्तानी सेना के इस एक्शन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित पीओके का रावलकोट शहर है। मीडिया रिपोर्ट्स में स्थानीय लोगों के हवाले से बताया गया कि पाकिस्तान सेना जानबूझकर नागरिकों के घरों और प्रदर्शन कर रहे निहत्थे प्रदर्शनकारियों को निशाना बना रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जून से शुरू हुए इन विरोध प्रदर्शन में अब तक पाकिस्तानी सेना ने 153 से ज्यादा लोगों को मार डाला है।
कई घर जलकर हुए राख
पीओके से आए कई वीडियोज में कई घरों में आग लगी दिखाई दे रही है। लोगों का कहना है कि पाकिस्तान सेना ने हमारा डेथ वारंट साइन कर दिया है। वहीं कुछ अन्य वीडियो में गोलियां चलने की आवाज सुनाई दे रही है। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि सेना ने बच्चों को भी नहीं छोड़ा, उन पर भी फायरिंग की।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रावलकोर्ट में मोबाइल सेवा और इंटरनेट सेवा बंद कर दी है। लोग घबराए हुए हैं, वहीं कुछ लोग हैं जो सड़कों पर उतरकर अपना विरोध जता रहे हैं।
यह भी पढ़े -पाकिस्तान पुलिस ने विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रहे पीटीआई सदस्यों को पकड़ा, वित्त मंत्री बोले 'धरने से देश को नुकसान'
क्यों हो रहा प्रदर्शन?
बीते 5 महीने से पीओके में प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग सस्ती बिजली या फिर आटे की नहीं है। वह विधानसभा में प्रतिनिधित्व और स्थानीय संसाधनों पर अधिकार चाहते हैं।
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में विधानसभा में 45 सीटें हैं, जिनमें से 12 सीटें शरणार्थियों या बाहरी लोगों के लिए आरक्षित हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पाकिस्तान सरकार इन 12 सीटों के जरिए वहां की सत्ता को नियंत्रित करती है। वे इन आरक्षित सीटों को खत्म कर स्थानीय लोगों को पूरा प्रतिनिधित्व देने की मांग कर रहे हैं।
Created On :  

