अमेरिका ईरान वॉर: चुनाव में हार के बाद ट्रंप ने चला बड़ा दांव! पश्चिम एशिया, होर्मुज स्ट्रेट समेत इन मुद्दों पर कतर से की बात

डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मिडटर्म चुनाव में हार के बाद मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रपति ट्रंप ने शुक्रवार को कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से फोन पर बात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने मौजूदा क्षेत्रीय हालात, ईरान के साथ जारी कूटनीतिक बातचीत और तनाव कम करने के प्रयासों पर चर्चा की।
यह भी पढ़े -अमेरिका पर पलने वाला पैरासाइट है इजरायल- मिडिल ईस्ट तनाव के बीच ईरानी विदेश मंत्री का बड़ा जुबानी हमला
कतर के अमीर और ट्रंप की बातचीत
कतर के अमीर के कार्यालय ने इस संबंध में एक आधिकारिक बयान जारी किया है। कार्यालय ने पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों नेताओं ने बातचीत के दौरान संकट का व्यापक समाधान निकालने के लिए संबंधित पक्षों को बातचीत की मेज पर लाने के प्रयासों पर विचार किया।
इसके साथ ही दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों और आपसी सहयोग को मजबूत बनाने के तरीकों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा पश्चिम एशिया के ताजा घटनाक्रमों की समीक्षा भी की गई। कार्यालय ने बताया कि इस बातचीत का मुख्य केंद्र तनाव कम करने और कूटनीतिक प्रयासों को आगे बढ़ाने पर रहा।
ट्रंप की कतर के अमीर से क्यों हुई बातचीत?
कतर मौजूदा समय में ईरान और अमेरिका के बीच जारी युद्ध को समाप्त कराने के लिए मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। इस वजह से ट्रंप की कतर के अमीर से बातचीत अहम मानी जा रही है। कतर दोनों पक्षों को बातचीत की मेज पर लाने के लिए कूटनीतिक संपर्क बनाए हुए है, ताकि संकट के व्यापक समाधान के लिए वार्ता को आगे बढ़ाया जा सके।
कतर के अमीर अल थानी ने इस बात पर जोर दिया कि क्षेत्र में तनाव और न बढ़े। साथ ही, इसे रोकने के लिए संवाद और कूटनीतिक समाधान का रास्ता अपनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि बातचीत के माध्यम से ही संकट का स्थायी समाधान तलाशा जा सकता है।
इन मुद्दों पर भी हुई बात
दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत में समुद्री मार्गों से आवाजाही की स्वतंत्रता और ऊर्जा आपूर्ति की सुरक्षा का मुद्दा भी उठा। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय समुद्री नौवहन को सुरक्षित बनाए रखने और ऊर्जा आपूर्ति में किसी तरह की बाधा को रोकने पर भी चर्चा हुई।
फोन पर हुई इस बातचीत को क्षेत्र में तनाव कम करने और कूटनीतिक प्रयासों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
Created On :  

