अमेरिका समाचार: मिसिसिपी नदी में भीषण टक्कर, टैंकर से भिड़ी क्रूज बोट, 32 यात्री अस्पताल में भर्ती

मिसिसिपी नदी में भीषण टक्कर, टैंकर से भिड़ी क्रूज बोट, 32 यात्री अस्पताल में भर्ती
अमेरिका के न्यू ऑरलियन्स में मिसिसिपी नदी पर टैंकर और क्रूज बोट की टक्कर में बोट आंशिक रूप से डूब गई। हादसे में 32 यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया है

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के न्यू ऑरलियन्स में मिसिसिपी नदी पर एक बड़ा हादसा हो गया। 129 यात्रियों को ले जा रही रिवर क्रूज बोट 'अमेरिकन हेरिटेज' से एक विशाल टैंकर टकरा गया। टक्कर के बाद क्रूज बोट आंशिक रूप से डूब गई। हादसे में 32 यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है। बताया जा रहा है कि करीब 160 मीटर लंबा टैंकर मार्शल आइलैंड्स का झंडा लगाए हुए था और न्यू ऑरलियन्स की ओर जा रहा था। टक्कर की वजह और हादसे के समय टैंकर पर माल लदा था या नहीं, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

न्यू ऑरलियन्स पोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12:30 बजे 'अटलांटिक डामर' नाम का टैंकर क्रूज बोट से टकरा गया। क्रूज बोट करीब दो घंटे पहले ही किनारे पर रुकी थी, ताकि यात्री उतर सकें।

न्यू ऑरलियन्स की मेयर हेलेना मोरेनो ने बताया कि हादसे के बाद सभी यात्रियों का पता लगा लिया गया है। टैंकर अनियंत्रित होकर क्रूज बोट से टकराया था। एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, टक्कर के बाद बोट तेजी से झुकने लगी। लाइफ जैकेट पहने एक दर्जन से अधिक लोगों को नदी से निकालकर दूसरे जहाजों पर पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शी जेमी होल्फोर्ड ने स्थानीय टेलीविजन को बताया कि टक्कर से लेकर बोट के पलटने तक का घटनाक्रम महज 15 मिनट में हुआ। हादसे के बाद पोर्ट पुलिस, दमकल विभाग, कोस्ट गार्ड और मेडिकल टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। एहतियातन मिसिसिपी नदी में जहाजों की आवाजाही रोक दी गई।

बोट का संचालन करने वाली कंपनी 'अमेरिकन क्रूज लाइन्स' ने कहा कि सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वर्ष 2015 में बनी इस पांच डेक वाली बोट में 150 यात्रियों की क्षमता है। यह लुइसियाना और मिसिसिपी की आठ दिवसीय यात्रा पूरी कर रही थी।

Created On :  

Tags

Next Story