UAE Road Accident: फुजैराह में भीषण हादसा, तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से 23 गाड़ियों के उड़े परखच्चे, 14 की मौत, 3 भारतीय शामिल

फुजैराह में भीषण हादसा, तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से 23 गाड़ियों के उड़े परखच्चे, 14 की मौत, 3 भारतीय शामिल
UAE के फुजैराह में ट्रक ने 23 वाहनों को टक्कर मार दी है। हादसे में 14 लोगों की मौत हुई, जिनमें तीन भारतीय एक ही परिवार के थे।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैराह में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक बेकाबू हो गया और सड़क पर चल रही कई गाड़ियों से टकरा गया। इस हादसे में 14 लोगों की जान चली गई, जबकि 30 लोग घायल हो गए। मरने वालों में तीन भारतीय भी शामिल हैं। ये तीनों केरल के मलप्पुरम जिले के रहने वाले थे और एक ही परिवार से थे। मृतकों में जुड़वा भाई-बहन भी शामिल हैं। हादसा इतना भयानक था कि टक्कर के बाद कई गाड़ियों में आग लग गई। कुछ शव इतनी बुरी तरह जल गए कि उनकी पहचान करना भी मुश्किल हो गया। अब उनकी पहचान के लिए DNA जांच की जा रही है।

7 देशों के लोगों ने गंवाई जान, 30 घायल

UAE के गृह मंत्रालय के अनुसार, इस हादसे में सात देशों के नागरिकों की मौत हुई है। इनमें UAE, ओमान, भारत, ब्राजील, पाकिस्तान, जॉर्डन और मिस्र के लोग शामिल हैं। हादसे में घायल हुए 30 लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। इनमें से करीब 15 लोगों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया है। बाकी घायलों का इलाज अभी चल रहा है।

केरल के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

हादसे में जान गंवाने वाले तीन भारतीयों की पहचान मुहम्मद अस्मिल, उनकी जुड़वा बहन मिस्ना जुबिन और मुहम्मद फैज के रूप में हुई है। तीनों केरल के मलप्पुरम जिले के एक ही परिवार के थे। इस खबर के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने अधिकारियों को परिवार की मदद करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर जरूरी सहायता देने को कहा है। दुबई में मौजूद भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भी तीन भारतीयों की मौत की पुष्टि की है। दूतावास ने बताया कि वह परिवार के संपर्क में है और उनकी मदद कर रहा है।

ट्रक के पलटते ही गाड़ियों में लगी आग

UAE के गृह मंत्रालय के मुताबिक, यह हादसा फुजैराह शहर में जाने वाली सड़क पर आधी रात से कुछ समय पहले हुआ। उस समय सड़क पर गाड़ियों की रफ्तार धीमी थी। तभी एक ट्रक चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया। ट्रक पहले एक गाड़ी से टकराया और फिर पलटकर सड़क पर मौजूद दूसरी गाड़ियों से जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि कई गाड़ियों में आग लग गई। इस हादसे में कुल 23 वाहन शामिल थे। इनमें 18 कारें और 5 ट्रक थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। टीमों ने आग बुझाई और गाड़ियों में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

Created On :  

Tags

Next Story