America News: व्हाइट हाउस के पास हथियारों से भरी चोरी की गाड़ी मिली, ट्रंप को मारने की बात कहने वाला आरोपी अरेस्ट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है। व्हाइट हाउस के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया है। वह जिस पिकअप ट्रक में बैठा था वह चोरी का था। जांच के दौरान गाड़ी से तीन हथियार और बड़ी संख्या में कारतूस मिले हैं। पकड़ा गया व्यक्ति वेनेजुएला का रहने वाला है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, उसने बताया कि उसके सिर में कुछ आवाजें आ रही थीं। ये आवाजें उसे वॉशिंगटन जाने और राष्ट्रपति ट्रंप को मारने के लिए कह रही थीं। इस घटना के बाद व्हाइट हाउस के आसपास सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
गश्त के दौरान संदिग्ध गाड़ी पर पड़ी नजर
बताया जा रहा है कि यह घटना गुरुवार रात की है। उस समय सीक्रेट सर्विस का एक अधिकारी व्हाइट हाउस के पास गश्त कर रहा था। तभी उसे कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू पर एक नीला फोर्ड पिकअप ट्रक खड़ा दिखाई दिया। अधिकारी को गाड़ी पर शक हुआ। इसके बादे उसने अंदर बैठे व्यक्ति से हथियारों के बारे में पूछा। आरोपी ने इशारे से बताया कि उसके पास बंदूक है। इसके बाद वह गाड़ी से बाहर आया। उसे अंग्रेजी बोलने में परेशानी हो रही थी इसलिए उसने गूगल ट्रांसलेट के जरिए अधिकारियों से बात की। उसने बताया कि किसी ने उसे मारने की कोशिश की थी और उसने उसी व्यक्ति से बंदूक छीन ली थी।
गाड़ी में मिले तीन खतरनाक हथियार
आपको बता दें कि, तलाशी के दौरान अधिकारियों को तीन हथियार मिले थे। इनमें MAC-10 मशीन पिस्टल, ग्लॉक 43X पिस्तौल और AR-15 राइफल शामिल हैं। इसके साथ ही, काफी सारे कारतूस भी मिले थे। जांच में पता चला कि यह पिकअप ट्रक चोरी का था। इसकी चोरी की शिकायत दक्षिण कैरोलिना में दर्ज थी। आरोपी का नाम रॉनी यॉर्ड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस बताया गया है। DHS के अनुसार, उसने राष्ट्रपति ट्रंप को मारने के लिए वॉशिंगटन आने की बात कही थी।
यह भी पढ़े -रूस के हमलों से एक बार फिर दहला यूक्रेन, रेलवे स्टेशन पर मची चीख-पुकार, ड्रोन हमले ने पल भर में छीन लीं 13 जिंदगियां
बिना जमानत जेल में रहेगा आरोपी
सीक्रेट सर्विस के डायरेक्टर सीन करन ने इस घटना को गंभीर बताया है। उनका कहना है कि व्हाइट हाउस के आसपास हथियार लेकर पहुंचने वाले लोगों की वजह से सुरक्षा की चुनौती बढ़ रही है। आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया था। फिलहाल उसे बिना जमानत हिरासत में रखा गया है। उस पर चोरी की गाड़ी इस्तेमाल करने और बिना लाइसेंस हथियार रखने जैसे आरोप हैं। DHS के मुताबिक, वह 2024 में टेक्सास के रास्ते अमेरिका आया था और उसके पास रहने के वैध डॉक्यूमेंट्स नहीं थे।
Created On :  

