Rohit Shetty Firing Case: रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का मास्टरमाइंड हैरी बॉक्सर अमेरिका में गिरफ्तार, रणवीर सिंह को भी दी थी धमकी!

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का मास्टरमाइंड हैरी बॉक्सर अमेरिका में गिरफ्तार, रणवीर सिंह को भी दी थी धमकी!
अमेरिका में गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को ICE ने हिरासत में लिया है। उसका नाम रोहित शेट्टी के घर फायरिंग और बॉलीवुड सितारों को मिली धमकियों से जुड़ा है।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अमेरिका में गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उसका नाम बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई गोलीबारी के मामले में सामने आया था। हमले के बाद उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इसकी जिम्मेदारी लेने की बात कही थी। इसके अलावा उसके नाम से फिल्मी सितारों को धमकी भरे ऑडियो भी भेजे गए थे। अब अमेरिकी एजेंसी ICE ने उसे कैलिफोर्निया से पकड़ा है। बताया जा रहा है कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है और अमेरिका में रहकर गैंग के लिए काम कर रहा था।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है हैरी बॉक्सर

हैरी बॉक्सर का नाम लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है। आरोप है कि वह अमेरिका में रहकर इस गैंग के काम संभाल रहा था। उसके खिलाफ हत्या और लोगों से पैसे मांगने जैसे कई मामले दर्ज हैं। इससे पहले गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को भी अमेरिका में पकड़ा गया था। ये दोनों भारत में कई मामलों में पुलिस को वांछित थे। अब हैरी बॉक्सर की गिरफ्तारी को भी बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

रोहित शेट्टी के घर के बाहर चली थीं गोलियां

1 फरवरी 2026 की रात मुंबई के जुहू इलाके में रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग हुई थी। हमलावर ने शेट्टी टावर के बाहर कई गोलियां चलाई थीं। उस समय रोहित शेट्टी घर के अंदर ही थे। हालांकि, इस घटना में किसी को चोट नहीं आई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई थी। इसमें शुभम लोनकर, आरजू बिश्नोई, हरि बॉक्सर और हरमन संधू ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। पोस्ट में रोहित शेट्टी को आगे भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई थी। मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। आसपास के CCTV कैमरों की मदद से हमलावर का पता लगाया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी बाइक से आया था और फायरिंग के बाद वहां से भाग गया। इस मामले में पुलिस कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

रणवीर सिंह को भी भेजे गए थे धमकी भरे ऑडियो

आपको बता दें कि, फरवरी 2026 में रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी को धमकी मिलने की खबर भी सामने आई थी। दोनों को ऑडियो मैसेज भेजकर गंभीर नुकसान पहुंचाने की बात कही गई थी। मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम हैरी बॉक्सर बताया था। इसके बाद मुंबई पुलिस ने ऑडियो की जांच शुरू की थी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी थी कि आवाज सच में उसी की है या फिर किसी तकनीक की मदद से तैयार की गई है।

Created On :  

Tags

Next Story