Bollywood News: बड़ी उम्मीदें, ठंडा कारोबार! बॉक्स ऑफिस पर पस्त रहा अक्टूबर, दो फिल्मों के भरोसे बची महीने की लाज

डिजिटल डेस्क, मुंबई। साल 2026 का अक्टूबर महीना बॉक्स ऑफिस के लिहाज से फीका रहा। दशहरा और छुट्टियों के मौसम को देखते हुए उम्मीद थी कि सिनेमाघरों में दर्शकों की अच्छी भीड़ देखने को मिलेगी, लेकिन ज्यादातर नई फिल्मों को दर्शकों का खास समर्थन नहीं मिला। हालांकि, अजय देवगन की ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन' और रजनीकांत की ‘जेलर 2' ने शानदार कमाई करके महीने की तस्वीर बदल दी। वहीं, विजय देवरकोंडा की 'रणबाली' और 23 अक्टूबर को रिलीज हुई 'उड़ता तीर' ने भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
दो फिल्मों के नाम रहा अक्टूबर
अक्टूबर में रिलीज हुई फिल्मों में सबसे बड़ा नाम अजय देवगन की ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन' का रहा। 2 अक्टूबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने 29 अक्टूबर तक भारत में करीब 373 करोड़ रुपये की नेट कमाई कर ली थी। वहीं, दुनियाभर में इसका कलेक्शन करीब 579 करोड़ रुपये पहुंच गया। फिल्म में तब्बू, श्रिया सरन और जयदीप अहलावत भी अहम भूमिकाओं में हैं। दूसरी बड़ी सफलता रजनीकांत की ‘जेलर 2' को मिली। 15 अक्टूबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने 29 अक्टूबर तक दुनियाभर में 765 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली थी। फिल्म की भारत में नेट कमाई करीब 430 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इन दोनों फिल्मों ने अक्टूबर के बॉक्स ऑफिस को संभालने में बड़ी भूमिका निभाई।
बाकी फिल्मों का प्रदर्शन कैसा रहा?
16 अक्टूबर को रिलीज हुई विजय देवरकोंडा की ‘रणबली' उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। फिल्म ने 29 अक्टूबर तक भारत में करीब 57 करोड़ रुपये की नेट कमाई की थी। वहीं, यामी गौतम की ‘नई नवेली' और राजकुमार राव की ‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' को भी बड़ी सफलता नहीं मिली। 23 अक्टूबर को रिलीज हुई 'उड़ता तीर' ने शुरुआती दिनों में अच्छा प्रदर्शन किया। फिल्म ने पहले सप्ताह में करीब 30 करोड़ रुपये की कमाई की। हालांकि, इसे अभी बड़ी हिट कहना जल्दबाजी होगी। ‘पूजा मेरी जान' और ‘प्रेम कीटाणु' जैसी फिल्मों का प्रदर्शन भी खास नहीं रहा।
पिछले महीनों में बॉक्स ऑफिस पर रही रौनक
अक्टूबर के प्रदर्शन को समझने के लिए पिछले कुछ महीनों के आंकड़ों पर नजर डालना जरूरी है।
अगस्त 2026: यह साल का अब तक का सबसे शानदार महीना रहा। ऑरमैक्स मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस महीने रिलीज हुई फिल्मों ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 1,768 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया। ‘हनुमान अंश', ‘टॉक्सिक' और ‘इरुमुडी' प्रमुख कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल रहीं।हालांकि टॉक्सिक की आलोचना भी खूब हुई।
सितंबर 2026: इस महीने फिल्मों ने करीब 1,144 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया। ‘मिर्जापुर: द मूवी', ‘द पैराडाइज' और ‘मंडाडी' ने अच्छी कमाई की।
जुलाई 2026: इस महीने भी बॉक्स ऑफिस पर रौनक रही। फिल्मों का कुल घरेलू ग्रॉस कलेक्शन करीब 1,582 करोड़ रुपये रहा। ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे', ‘जन नायकन' और ‘द ओडिसी' ने कमाई में बड़ा योगदान दिया।
यह भी पढ़े -आमिर-गौरी ने मनाया पहला करवा चौथ, प्रियंका-रकुल से लेकर शिल्पा तक, इन सेलेब्स ने शेयर की करवा चौथ की सुंदर तस्वीरें
क्या कहता है अक्टूबर का रिपोर्ट कार्ड?
अक्टूबर में अब तक 126 फिल्मों के प्रदर्शन को शामिल करने वाली सैकनिल्क की रिपोर्ट में कुल कलेक्शन करीब 1,151 करोड़ रुपये बताया गया है। हालांकि, इसमें अलग-अलग भाषाओं की फिल्में और पहले से सिनेमाघरों में चल रही फिल्में भी शामिल हैं। कुल मिलाकर अक्टूबर में दो बड़ी फिल्मों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन बाकी फिल्मों को वैसी सफलता नहीं मिली। पिछले महीनों के मुकाबले अक्टूबर की कमाई में गिरावट दिखी है। ऐसे में साल के आखिरी दो महीने बॉक्स ऑफिस के लिए कितने फायदेमंद साबित होते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा।
आने वाली इन फिल्मों पर रहेगी बॉक्स ऑफिस की नजर
5 नवंबर - रामायण: पार्ट 1: रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की इस फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर बड़े कारोबार की उम्मीद है। निर्माताओं ने 5 नवंबर की रिलीज की पुष्टि की है।
27 नवंबर - ये प्रेम मोल लिया: सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी नजर आएंगे। यशराज फिल्म्स ने इसकी रिलीज तारीख 27 नवंबर घोषित की है।
27 नवंबर - गनमास्टर जी9: इमरान हाशमी, जेनेलिया देशमुख और अपारशक्ति खुराना की यह एक्शन फिल्म भी इसी दिन रिलीज होगी। इसकी तारीख की घोषणा हो चुकी है।
4 दिसंबर - ईठा: श्रद्धा कपूर और रणदीप हुड्डा की यह फिल्म मशहूर लावणी कलाकार विठाबाई के जीवन पर आधारित है।
24 दिसंबर - किंग: शाहरुख खान की इस फिल्म से साल के अंत में बड़े बॉक्स ऑफिस कारोबार की उम्मीद है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी इस फिल्म की रिलीज तारीख 24 दिसंबर है।
Created On :  


