‘ईठा' ट्रेलर लॉन्च: देर से पहुंचीं श्रद्धा कपूर, मीडिया को करना पड़ा साढ़े तीन घंटे इंतजार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। लक्ष्मण उत्तेकर की फिल्म ‘ईठा' का ट्रेलर मुंबई के दादर में लॉन्च किया गया। इस मौके पर श्रद्धा कपूर मराठी पारंपरिक वेशभूषा में नजर आईं। कार्यक्रम में निर्माता दिनेश विजन, संगीतकार अजय-अतुल और अभिनेता रणदीप हुड्डा भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा ने बताया कि वह फिल्म में अपने किरदार को अपनी नानी को समर्पित करती हैं। उनकी नानी ने भी जीवन में काफी संघर्ष किया था और इसी वजह से यह किरदार उनके लिए खास है। लक्ष्मण उत्तेकर ने बताया कि फिल्म विठाबाई के जीवन से नहीं बल्कि उन पर लिखी गयी किताब से प्रेरित है। अभिनेता रणदीप हुड्डा फिल्म में पहलवान की भूमिका में हैं जबकि फिल्म में दिवंगत अभिनेता नाना पाटेकर भी नजर आएंगे
यह भी पढ़े -रिलीज हुआ 'ईठा' का जबरदस्त ट्रेलर, 'विठाबाई' के किरदार में छाईं एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर, जानें कब हो रही रिलीज
साढ़े तीन घंटे की देरी से पहुंचीं श्रद्धा
फिल्म इंडस्ट्री के कार्यक्रमों में मीडिया को घंटों इंतजार करवाना अब आम बात होती जा रही है। ‘ईठा' के ट्रेलर लॉन्च के लिए मीडिया को सुबह 11 बजे बुलाया गया था, लेकिन श्रद्धा कपूर दोपहर 2:30 बजे कार्यक्रम में पहुंचीं। यानी पत्रकारों को करीब साढ़े तीन घंटे इंतजार करना पड़ा। हैरानी की बात यह रही कि अजय-अतुल के अलावा किसी ने भी इस देरी पर कुछ नहीं कहा।
नानी के संघर्ष से जुड़ा है किरदार
श्रद्धा कपूर ने बताया कि जब उन्हें इस किरदार के बारे में बताया गया, तो उन्हें अपनी नानी की याद आई। उनकी नानी भी महाराष्ट्र से थीं और उन्होंने जीवन में कई मुश्किलों का सामना किया था। श्रद्धा ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि उनका यह किरदार देखकर उनकी नानी बहुत खुश होतीं।
यह भी पढ़े -'भोजपुरी बवाल' से लेकर 'ईठा' तक, अक्षरा सिंह ने खोले कई राज, तेज प्रताप यादव को बताया 'क्यूट'
कैसा है ट्रेलर?
3 मिनट 2 सेकंड के ट्रेलर की शुरुआत एक दमदार संवाद से होती है। इसके बाद विठाबाई के संघर्षपूर्ण जीवन और लावणी-तमाशा की दुनिया में उनकी पहचान बनाने की कहानी दिखाई गई है। ट्रेलर में जीशान अय्यूब की आवाज भी सुनाई देती है। फिल्म 'ईठा' महाराष्ट्र की मशहूर तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित है। उन्होंने अपनी कला और शानदार प्रस्तुतियों के दम पर लोक रंगमंच में खास पहचान बनाई थी। फिल्म में उनकी जिंदगी के संघर्ष, मुश्किलों और कला के प्रति समर्पण को बड़े पर्दे पर दिखाने की कोशिश की गई है।
Created On :  

