Karwa Chauth 2026: राज-सिमरन के प्यार से लेकर अमिताभ बच्चन के व्रत तक, फिल्मों में करवा चौथ के ये सीन हुए यादगार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। चांद का इंतजार, हाथों में छलनी, सजी हुई पूजा की थाली और उस एक चेहरे को देखने की बेचैनी... करवा चौथ की ये तस्वीरें अब भारतीय सिनेमा की यादों का भी हिस्सा हैं। हिंदी फिल्मों ने इस त्योहार को कभी प्रेम पाने की उम्मीद, कभी पति-पत्नी के अटूट रिश्ते और कभी बदलते वैवाहिक समीकरणों को दिखाने के लिए इस्तेमाल किया। दिलचस्प यह है कि पर्दे पर करवा चौथ सिर्फ एक रस्म नहीं रहा, बल्कि कई फिल्मों में कहानी का अहम मोड़ बना। शाहरुख खान और काजोल की 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' से लेकर अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी की 'बागबान' तक, इन दृश्यों ने त्योहार को लोकप्रिय संस्कृति में खास जगह दिलाई।
राज ने भी रखा था सिमरन के लिए व्रत
1995 में रिलीज हुई आदित्य चोपड़ा की ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' का करवा चौथ दृश्य हिंदी सिनेमा के सबसे चर्चित रोमांटिक दृश्यों में गिना जाता है। यह कहा जा सकता है कि इस फिल्म से ही करवा चौथ को रोमांस से जोड़ा गया। फिल्म में सिमरन (काजोल) की शादी किसी और से तय हो चुकी है, लेकिन उसका प्रेम राज (शाहरुख खान) के लिए है। वह राज के लिए व्रत रखती है। राज भी उसके लिए व्रत रखता है और अंत में सिमरन का व्रत खुलवाता है। फिल्म की लोकप्रियता के वर्षों बाद काजोल ने करवा चौथ के संदर्भ में एक दिलचस्प बात कही। उन्होंने मजाकिया अंदाज में व्रत रखने की जरूरत पर सवाल उठाया और यह भी टिप्पणी की कि फिल्मों ने करवा चौथ को पहले से अधिक भव्य बना दिया। उनके मुताबिक, त्योहार के साथ कपड़ों, गहनों और सजने-संवरने की अपेक्षाएं भी महिलाओं के लिए बढ़ गईं। उन्हें इस दिन सजना ही पड़ता है।
‘कभी खुशी कभी गम' ने त्योहार भव्यता
करण जौहर भी त्योहारों को भव्यता के साथ अपनी फिल्मों में दिखाते रहे हैं। 2001 में रिलीज हुई करण जौहर की ‘कभी खुशी कभी गम' में करवा चौथ पारिवारिक उत्सव की तरह दिखाई दिया। काजोल, शाहरुख खान, करीना कपूर और ऋतिक रोशन की मौजूदगी वाले दृश्यों में पारंपरिक कपड़े, गहने, मेहंदी और संगीत त्योहार की भव्यता को सामने लाते हैं। फिल्म के गाने, उत्सवी दृश्यों ने करवा चौथ को ग्लैमर और फैशन के साथ जोड़ा।
यह भी पढ़े -विजय-रश्मिका से स्टेबिन-नूपुर तक, शादी के बाद पहली बार करवा चौथ का त्योहार मनाएंगे ये सेलिब्रिटी कपल
‘बागबान' में दूरी के बावजूद कायम रहा साथ
2003 की फिल्म ‘बागबान' में अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी ने राज और पूजा मल्होत्रा की भूमिका निभाई। उम्र के इस पड़ाव पर उनका रिश्ता प्रेम के साथ-साथ आपसी भरोसे और समर्पण की कहानी भी है। बच्चों के कारण अलग रहने को मजबूर यह दंपती करवा चौथ पर भी एक-दूसरे से भावनात्मक रूप से जुड़ा रहता है। राज का अपनी पत्नी के लिए व्रत रखना इस रिश्ते की गहराई को सामने लाता है। फिल्म के इस दृश्य की लोकप्रियता का एक दिलचस्प उदाहरण नवंबर 2025 में 'कौन बनेगा करोड़पति' के एक एपिसोड में देखने को मिला। कॉमेडियन हर्ष गुजराल ने अमिताभ बच्चन से मजाक में कहा कि फिल्म में उनके व्रत रखने के कारण दूसरे पतियों पर भी व्रत रखने का दबाव बढ़ गया। उन्होंने उस स्थिति पर चुटकी ली, जब पतियों से कहा जाता है कि अगर अमिताभ बच्चन व्रत रख सकते हैं, तो वे क्यों नहीं।
‘चांद छुपा बादल में ने चांदनी रात को बनाया रोमांटिक
1999 में आई संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ का गाना ‘चांद छुपा बादल में’ आज भी हिंदी सिनेमा के यादगार रोमांटिक गीतों में शामिल है। सलमान खान और ऐश्वर्या राय पर फिल्माए गए इस गाने में चांद, चांदनी, करवा चौथ की रात और प्रेम का खूबसूरत मेल दिखाई देता है। उदित नारायण और अलका याज्ञनिक की आवाज, इस्माइल दरबार का संगीत और समीर के बोलों ने इसे खास पहचान दी।
‘एनिमल' में नौ मिनट का दृश्य बना चर्चा का विषय
2023 में आई संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘एनिमल' में करवा चौथ का दृश्य पारंपरिक रोमांटिक फिल्मों से अलग है। रश्मिका मंदाना और रणबीर कपूर के किरदारों के बीच यह रस्म उनके रिश्ते के तनाव को सामने लाती है। यहां त्योहार का माहौल किसी आदर्श प्रेम कहानी की तरह नहीं, बल्कि एक मुश्किल वैवाहिक संबंध के संदर्भ में दिखाई देता है। रश्मिका मंदाना ने बाद में बताया कि फिल्म का करवा चौथ दृश्य लगभग नौ मिनट लंबा था। उन्होंने कहा कि शूटिंग के दौरान सेट पर मौजूद लोगों ने उनके अभिनय की तारीफ की थी, लेकिन ट्रेलर में दृश्य के एक छोटे हिस्से को देखकर सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया गया।
फिल्मों में बदलती रही करवा चौथ की तस्वीर
इन कहानियों में चांद और छलनी जैसे प्रतीक भले समान हों, लेकिन उनका अर्थ हर फिल्म में बदल जाता है। यही वजह है कि करवा चौथ हिंदी सिनेमा के लिए सिर्फ त्योहार दिखाने का अवसर नहीं रहा, बल्कि प्रेम, परंपरा और रिश्तों की बदलती परिभाषाओं को पर्दे पर उतारने का माध्यम भी बना।
यह भी पढ़े -विजय-रश्मिका से स्टेबिन-नूपुर तक, शादी के बाद पहली बार करवा चौथ का त्योहार मनाएंगे ये सेलिब्रिटी कपल
बॉलीवुड की करवा चौथ पार्टी- जहां जुटती हैं हसीनाएं
करवा चौथ पर बॉलीवुड में व्रत और पूजा के साथ सितारों की पार्टियां भी आकर्षण का केंद्र रहती हैं। करवा चौथ के समारोह में शिल्पा शेट्टी कुंद्रा, रवीना टंडन, नीलम कोठारी सोनी, महीप कपूर और भावना पांडे जैसी अभिनेत्रियां शामिल होती रही हैं। सभी पारंपरिक परिधानों में सजकर पूजा करती हैं, मेहंदी लगाती हैं और साथ में तस्वीरें खिंचवाती हैं। अनिल कपूर की पत्नी सुनीता कपूर की करवा चौथ पार्टी फिल्मी जगत की चर्चित परंपराओं में शामिल है। इन आयोजनों में पूजा के साथ दोस्तों का मिलना-जुलना, पारंपरिक पकवान और फैशन भी खास आकर्षण होते हैं। इन पार्टियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी खूब साझा की जाती हैं। लाल साड़ियों, चूड़ियों, मेहंदी और पारंपरिक गहनों में सजी अभिनेत्रियों के लुक त्योहार के फैशन ट्रेंड का हिस्सा बन जाते हैं।
Created On :  

