Bigg Boss 20: 60 दिन से भी कम समय में बिग बॉस ने रचा रिकॉर्ड, जियोहॉटस्टार पर 100 करोड़ घंटे देखा गया शो

विदेशों में भी बना टॉप शो
‘बिग बॉस 20’ की लोकप्रियता भारत तक सीमित नहीं है। ब्रिटेन, कनाडा और सिंगापुर में यह जियोहॉटस्टार के टॉप पांच कार्यक्रमों में लगातार जगह बनाए हुए है। वहीं, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में यह स्टार्जप्ले पर नंबर वन शो बन गया है और स्ट्रीमिंग शुरू होने के बाद से लगातार टॉप 10 में बना हुआ है।
शो के होस्ट सलमान खान ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि बिग बॉस का असली खेल सिर्फ घर के अंदर नहीं, बल्कि बाहर भी चलता है, जहां दर्शक हर पल इससे जुड़े रहते हैं। 100 करोड़ घंटे का वॉच टाइम दर्शकों के प्यार और शो के साथ उनके जुड़ाव का प्रमाण है। यह उपलब्धि उन सभी दर्शकों की है, जिन्होंने बिग बॉस की यात्रा में अहम भूमिका निभाई है।
जियोस्टार के हिंदी और अंग्रेजी एंटरटेनमेंट बिजनेस के प्रमुख आलोक जैन के मुताबिक, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 100 करोड़ घंटे का वॉच टाइम हासिल करना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सीजन के लगभग आधे हिस्से के बाकी रहते ही शो ने यह आंकड़ा पार कर लिया है। इस बार दर्शकों को सिर्फ घर के भीतर चल रहे घटनाक्रम देखने का मौका नहीं मिल रहा, बल्कि वे वोटिंग, पोल और बहस के जरिए शो का हिस्सा भी बन रहे हैं।
बनिजय एशिया और एंडेमोल शाइन इंडिया के संस्थापक एवं ग्रुप सीईओ दीपक धर ने भी दर्शकों के प्यार को इस सफलता का श्रेय दिया। उनके मुताबिक, दो दशक से अधिक समय से दर्शकों ने इस शो को अपना बनाया है और यही वजह है कि हर सीजन के साथ इसका दायरा बढ़ रहा है।
युवा दर्शकों में भी बढ़ी लोकप्रियता
इस सीजन के कुल वॉच टाइम में जेन-जी दर्शकों की हिस्सेदारी 45% है। दिल्ली, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु, कोलकाता, अहमदाबाद और हैदराबाद जैसे महानगरों के अलावा लखनऊ, सूरत, जयपुर और नागपुर जैसे शहरों में भी शो को खूब देखा जा रहा है। परिवारों के बीच कनेक्टेड टीवी पर इसे देखने का चलन भी बढ़ा है। फिलहाल ‘बिग बॉस’ जियोहॉटस्टार की सबसे बड़ी एंटरटेनमेंट फ्रेंचाइजी है।
Created On :  


