Jensen Huang News: जेन्सन हुआंग की काली लेदर जैकेट के पीछे क्या है राज? पत्नी करती हैं कपड़ों का सिलेक्शन, जानें कितने में हो चुकी है रीसेल?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। Nvidia के CEO जेन्सन हुआंग इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि, इस बार उनकी चर्चा की वजह कुछ अलग है। क्या आपने कभी गौर किया है कि जेनसन जहां भी जाते हैं ज्यादातर काली लेदर जैकेट में ही नजर आते हैं? चाहे किसी बड़े नेता से मुलाकात हो या दुनिया के सामने कोई बड़ा ऐलान करना हो उनका पहनावा लगभग एक जैसा रहता है। अब सवाल उठता है कि इतने बड़े कारोबारी होने के बाद भी वह कपड़ों को लेकर नए प्रयोग क्यों नहीं करते? क्या यह उनका शौक है या इसके पीछे कोई खास वजह है? दिलचस्प बात यह है कि इस खास स्टाइल के पीछे उनकी पत्नी का भी बड़ा हाथ है।
पत्नी लोरी चुनती हैं जेनसन के कपड़े
जेन्सन हुआंग को खुद बाजार जाकर कपड़े खरीदना बिल्कुल पसंद नहीं है। उन्होंने एक शो ‘द मोमेंट’ में बताया था कि उनकी पत्नी लोरी और बेटी उनके लिए कपड़े चुनती हैं। पत्नी लोरी इस बात का ध्यान रखती हैं कि उन्हें कौन से कपड़े पहनने में आराम मिलता है।
जेन्सन ने एक इंटरव्यू में मजाक करते हुए कहा था कि वह अपनी शॉपिंग खुद बिल्कुल नहीं करते। उनकी पत्नी को पता है कि उन्हें किस तरह के कपड़े पसंद हैं। इसलिए जब भी उन्हें कोई ऐसी शर्ट या जैकेट मिलती है, जिसमें जेनसन आराम महसूस करते हैं, तो वह वैसी ही दूसरी जैकेट भी खरीद लेती हैं। इसी तरह उनके पास काली जैकेट और शर्ट का अच्छा कलेक्शन बन गया।
रोज कपड़े चुनने में समय नहीं करते बर्बाद
जेन्सन के हमेशा काले कपड़े पहनने की एक आसान वजह भी है। वह हर सुबह इस बात पर समय नहीं लगाना चाहते कि आज कौन से कपड़े पहनने हैं। उनके लिए एक जैसा पहनावा रखना ज्यादा आसान है। स्टैनफोर्ड ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस के पॉडकास्ट ‘व्यू फ्रॉम द टॉप’ में उनसे पूछा गया था कि अगर बाजार में काली लेदर जैकेट मिलनी बंद हो जाए तो वह क्या करेंगे? इस पर उन्होंने हंसते हुए कहा था कि उनके पास पहले से ही इतनी काली जैकेट हैं कि उन्हें इसकी चिंता नहीं होगी। उनके इस अंदाज की तुलना अक्सर एप्पल के संस्थापक स्टीव जॉब्स से की जाती है। जॉब्स भी ज्यादातर काले रंग का टर्टलनेक पहनते थे। दोनों का तरीका एक जैसा था। वे रोज नए कपड़े चुनने के बजाय एक ही तरह का पहनावा पसंद करते थे।
करोड़ों रुपये में बिकी जेनसन की जैकेट
जेन्सन का यह स्टाइल कोई नया नहीं है। वह करीब 20 साल से काली लेदर जैकेट पहनते आ रहे हैं। साल 2016 में भी उन्होंने कहा था कि लोग उन्हें लेदर जैकेट पहनने वाले व्यक्ति के रूप में पहचानते हैं। उनकी जैकेट सिर्फ देखने में खास नहीं होती, बल्कि काफी महंगी भी होती है। वह कई बार लग्जरी ब्रांड टॉम फोर्ड की जैकेट पहने नजर आए हैं।
जुलाई 2026 में उनकी पहनी हुई एक जैकेट की नीलामी हुई थी। इस जैकेट पर जेनसन के साइन भी थे। Sotheby’s में यह जैकेट करीब 9.6 लाख डॉलर यानी 8 करोड़ रुपये से ज्यादा में बिकी। जबकि नीलामी से पहले इसकी कीमत सिर्फ 40 से 60 हजार डॉलर आंकी गई थी। इससे पता चलता है कि टेक्नोलॉजी की दुनिया में उनकी पहचान के साथ उनका पहनावा भी कितना मशहूर हो चुका है।
Created On :  
