Nepal Bus Accident: नेपाल में बड़ा सड़क हादसा, छठ मनाने घर लौट रहे लोगों की बस खाई में गिरी, 14 की दर्दनाक मौत

नेपाल में बड़ा सड़क हादसा, छठ मनाने घर लौट रहे लोगों की बस खाई में गिरी, 14 की दर्दनाक मौत
पड़ोसी देश नेपाल में बड़ी सड़क दुर्घटना हुई है। देश के बागमती प्रांत के मकवानपुर जिले में गुरुवार की सुबह यात्रियों से भरी बस (माइक्रोबस) 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

डिजिटल डेस्क, काठमांडू। पड़ोसी देश नेपाल में बड़ी सड़क दुर्घटना हुई है। देश के बागमती प्रांत के मकवानपुर जिले में गुरुवार की सुबह यात्रियों से भरी बस (माइक्रोबस) 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। सभी छठ त्योहार मनाने अपने घर लौट रहे थे।

काठमांडू से सरलाही जा रही थी बस

पुलिस के मुताबिक, बस राजधानी काठमांडू से सरलाही जिले की ओर जा रही थी। इसी दौरान भीमफेदी ग्रामीण नगरपालिका क्षेत्र में भीमफेदी-कुलेखानी-काठमांडू मार्ग पर अनकंट्रोल होकर खाई में गिर गई। जिला प्रशासन की ओर से इस हादसे में 14 लोगों की मौत होने की पुष्टि की गई है। मृतकों में बस चला रहा ड्राइवर भी शामिल है।

हादसे में घायल हुए 6 लोगों को हेतौडा के एक निजी हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसा क्यों हुआ? इसकी सही वजह अभी तक सामने नहीं आ पाई है। पुलिस हादसे की वजह जानने में जुटी हुई है।

छठ पर्व मनाने लौट रहे थे घर

बस में सवार सभी लोग सरलाही जिले की निवासी थे। वे सभी छठ त्योहार मनाने के लिए काठमांडू से अपने घर जा रहे थे। लेकिन हादसे की वजह से कई परिवारों में खुशियों की जगह मातम छा गया।

बता दें कि छठ त्योहार रविवार (15 नवंबर) को मनाया जाएगा। नेपाल में यह तराई (दक्षिणी) इलाके में रहने वाले हिंदुओं का प्रमुख त्योहार है। इस पर्व में लोग सूर्य देव और छठी मैया की पूजा करते हैं।

Created On :  

Tags

Next Story