China-Taiwan News: 'कोई ताकत नहीं रोक सकती', ताइवान पर जिनपिंग की दोटूक, चीन में विलय का फिर किया दावा

कोई ताकत नहीं रोक सकती, ताइवान पर जिनपिंग की दोटूक, चीन में विलय का फिर किया दावा
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ताइवान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दोहराया कि किसी भी हाल में ताइवान का चीन में विलय होकर रहेगा।

डिजिटल डेस्क, बीजिंग। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ताइवान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दोहराया कि किसी भी हाल में ताइवान का चीन में विलय होकर रहेगा। उन्होंने यह बयान गुरुवार को राजधानी बीजिंग के ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिया। उनका कहना है कि चीन के साथ ताइवान का 'पूर्ण पुनर्एकीकरण' होना तय है। साथ ही उन्होंने इसे इतिहास की ऐसी प्रक्रिया बताया, जिसे कोई नहीं रोक सकता।

क्या बल का करेंगे इस्तेमाल?

इस बार के बयान में जिनपिंग ने बल प्रयोग का कोई जिक्र नहीं किया, बल्कि शांतिपूर्ण तरीके से पुनर्एकीकरण की बात कही। चीनी राष्ट्रपति ने कहा, "मातृभूमि का पूर्ण पुनर्एकीकरण होना ही चाहिए और यह निश्चित रूप से होकर रहेगा।" इसके साथ ही उन्होंने ताइवान के मुद्दे को चीन की कम्युनिस्ट पार्टी का एक अटल ऐतिहासिक मिशन बताया। उन्होंने ताइवान के लोगों से एकजुट होकर ताइवान की आजादी की मांग करने वाली ताकतों का विरोध करने की अपील की।

इस मुद्दे पर ताइवान की प्रतिक्रिया

गौरतलब है कि चीन लोकतांत्रिक तरीके से शासित ताइवान को अपना हिस्सा मानता है। साथ ही वह लंबे समय से उसके पुनर्एकीकरण की मांग करता आ रहा है। चीन लगातार 'एक देश, दो व्यवस्था' मॉडल का जिक्र करता रहा है। हालांकि, ताइवान की किसी भी प्रमुख राजनीतिक पार्टी ने अब तक इस प्रस्ताव का समर्थन नहीं किया है। ताइवान की सरकार भी कई बार चीन के इस प्रस्ताव को खारिज कर चुकी है।

चीन के क्रांतिकारी नेता की जयंती

बीजिंग में देश के क्रांतिकारी नेता सन यात-सेन की 160वीं जयंती के मौके पर शी जिनपिंग ने यह बयान दिया। सन यात-सेन ने 1911 की क्रांति का नेतृत्व किया था। इस क्रांति के जरिए चीन में सम्राटों और साम्राज्ञियों के सदियों पुराने शासन का अंत हुआ था।

जिनपिंग ने ताइवान के लोगों से आजादी की मांग करने वाली अलगाववादी ताकतों का विरोध करने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने दोनों पक्षों के बीच संबंधों के शांतिपूर्ण विकास के लिए मिलकर प्रयास करने की बात भी कही।

Created On :  

Tags

Next Story