Israel News: नेतन्याहू की कुर्सी पर संकट, गादी आइजनकोट ने संसद में पेश किए 8 बिल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इजराइल में सत्ता परिवर्तन की कोशिशों के बीच बेंजामिन नेतन्याहू की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। गादी आइजनकोट के नेतृत्व वाले खेमे ने संसद में आठ विधेयक पेश किए हैं। इनमें भ्रष्टाचार के मुकदमे का सामना कर रहे नेताओं के प्रधानमंत्री बनने पर रोक लगाने, प्रधानमंत्री के कार्यकाल की सीमा तय करने और नेतन्याहू सरकार के कुछ पुराने फैसलों को पलटने के प्रस्ताव शामिल हैं।
यह भी पढ़े -इजराइल में सत्ता की जंग तेज, नेतन्याहू ने उठाए चुनाव पर सवाल, अरब पार्टियों पर लगाए गंभीर आरोप
इजराइल की 26वीं संसद के पहले दिन 10 नवंबर को पेश किए गए इन विधेयकों में 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले की जांच के लिए स्वतंत्र आयोग बनाने की मांग भी शामिल है। आयोग को हमले से पहले खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों की चूक की जांच करनी होगी। इसके सदस्यों का चयन सुप्रीम कोर्ट करेगा। इसके अलावा नेतन्याहू सरकार के उन न्यायिक सुधारों को रद्द करने का प्रस्ताव है, जिनसे अदालतों की शक्तियां सीमित हुई थीं।
आइजनकोट के सहयोगी दल डेमोक्रेट्स ने ऐसा विधेयक पेश किया है, जिसके तहत भ्रष्टाचार के मामलों में मुकदमा झेल रहे व्यक्ति को प्रधानमंत्री बनने से रोका जा सकेगा। नेतन्याहू पर रिश्वत, धोखाधड़ी और विश्वासघात से जुड़े तीन मामलों में मुकदमा चल रहा है। वे इन आरोपों को खारिज करते रहे हैं। हालांकि, प्रस्ताव अभी कानून नहीं बना है।
यह भी पढ़े -नेतन्याहू का पीएम मोदी को खास न्योता, इजरालियों की जान बचाने वाले पायलट मच्छार भी बनेंगे हिस्सा
स्पीकर बदलने की भी तैयारी
आइजनकोट का खेमा संसद के मौजूदा स्पीकर अमीर ओहाना को हटाकर उनकी जगह मटन कहाना को लाना चाहता है। इससे संसद में विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाने में उसे मदद मिल सकती है।
अरब पार्टियों के समर्थन पर घमासान
राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने 8 नवंबर को आइजनकोट को सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी। उन्हें बहुमत जुटाने के लिए 28 दिन मिले हैं, जिसे 14 दिन बढ़ाया जा सकता है। उनके पक्ष में 67 सांसदों और नेतन्याहू के समर्थन में 46 सांसदों ने रुख दिखाया है।
अरब पार्टियों के समर्थन की संभावना से दक्षिणपंथी संगठन नाराज हैं। 10 नवंबर को संसद के बाहर हुए प्रदर्शन में लोगों ने ऐसी सरकार बनने पर गृहयुद्ध की चेतावनी दी। इससे इजराइल में राजनीतिक टकराव और गहरा गया है।
Created On :  
