US News: एनवीडिया CEO जेन्सेन हुआंग के रिश्ते पर सवाल, VP किम्बर्ली पॉवेल से कथित नजदीकी की चर्चा

एनवीडिया CEO जेन्सेन हुआंग के रिश्ते पर सवाल, VP किम्बर्ली पॉवेल से कथित नजदीकी की चर्चा
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में जेन्सेन हुआंग और एनवीडिया की हेल्थकेयर वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के बीच कथित रिश्ते का दावा किया गया है। पांच पूर्व कर्मचारियों के हवाले से सामने आई इस रिपोर्ट पर हुआंग और कंपनी ने टिप्पणी करने से इनकार किया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग एक बार फिर निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हुआंग का कंपनी की हेल्थकेयर वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ कथित रिश्ता रहा है। रिपोर्ट में पांच पूर्व कर्मचारियों के हवाले से यह जानकारी दी गई है।

कौन हैं किम्बर्ली पॉवेल?

किम्बर्ली पॉवेल ने 2008 में एनवीडिया में डायरेक्टर के तौर पर काम शुरू किया था। उन्होंने मेडिकल इमेजिंग में कंपनी की एआई चिप्स के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया। 2016 में वह सीनियर डायरेक्टर और 2017 के अंत तक वाइस प्रेसिडेंट बन गईं।

पॉवेल कंपनी के हेल्थकेयर और बायोलॉजी कारोबार की जिम्मेदारी संभालती हैं। इसमें मेडिकल इमेजिंग, लाइफ साइंस, दवाओं की खोज और हेल्थकेयर एनालिटिक्स शामिल हैं। मार्च में जीटीसी सम्मेलन में उन्होंने हेल्थकेयर और बायोलॉजी में एआई के इस्तेमाल पर प्रस्तुति दी थी।

रिपोर्ट के अनुसार मार्च में सैन जोस में एनवीडिया के सालाना डेवलपर कॉन्फ्रेंस के दौरान हुआंग और पॉवेल को एक होटल में करीब आते देखा गया था। सूत्रों ने दावा किया कि इस मुलाकात का वीडियो भी बनाया गया। हालांकि, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। हुआंग और एनवीडिया ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, जबकि पॉवेल की ओर से भी तत्काल कोई जवाब नहीं आया।

इससे पहले अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड की कार्यकारी एलिस हुआंग पर चीनी जासूस होने का संदेह जताया था। चीन ने आरोपों को खारिज किया है। अमेरिकी अधिकारियों को आशंका है कि जेन्सेन हुआंग किसी विदेशी खुफिया अभियान का निशाना हो सकते हैं। इस मामले की जांच एनवीडिया का बोर्ड वॉचटेल, लिप्टन, रोसेन एंड काट्ज लॉ फर्म के जरिए करा रहा है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ दिन पहले हुआंग ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में पत्नी से बेवफाई स्वीकार करने की बात कही थी।

Created On :  

Tags

Next Story