Jensen Huang's Net Worth: 30 साल की उम्र में शुरू की कंपनी, आज अरबों की संपत्ति के मालिक, कितने रईस हैं जेन्सेन हुआंग?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एनवीडिया के मालिक जेन्सेन हुआंग आज दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शामिल हैं। उनकी कंपनी के बनाए चिप का इस्तेमाल दुनियाभर में तेजी से बढ़ रही AI टेक्नोलॉजी में हो रहा है। कभी छोटी सी कंपनी से अपना सफर शुरू करने वाले हुआंग ने इसे दुनिया की बड़ी कंपनियों में शामिल कर दिया। उनकी मेहनत और कामयाबी के साथ उनकी कमाई भी लगातार बढ़ी है। आज उनकी सैलरी करोड़ों रुपये में है। हालांकि, उनकी निजी जिंदगी को लेकर भी कई तरह के दावे सामने आए हैं। आइए जानते हैं उनकी जिंदगी, कमाई और उनसे जुड़े विवाद के बारे में।
यह भी पढ़े -ईरान पर फिर हमले के लिए ट्रंप पर दबाव बना रहे नेतन्याहू! रोजाना कर रहे फोन, अरब देशों में खलबली
ताइवान में हुआ जन्म, अमेरिका में बनाई अपनी पहचान
बता दें कि, जेन्सेन हुआंग का जन्म 17 फरवरी 1963 को ताइवान की राजधानी ताइपे में हुआ था। बचपन के कुछ साल उन्होंने थाईलैंड में बिताए। इसके बाद 9 साल की उम्र में वह अपने परिवार के साथ अमेरिका चले गए। वहीं उन्होंने पढ़ाई पूरी की और नौकरी भी शुरू की।जानकारी के मुताबिक, साल 1993 में उन्होंने अपने दो साथियों क्रिस मालाचोव्स्की और कर्टिस प्रीम के साथ मिलकर एनवीडिया कंपनी शुरू की। उस समय कंपनी कंप्यूटर गेम खेलने के लिए ग्राफिक्स चिप बनाती थी। धीरे-धीरे कंपनी ने नई तकनीक पर काम करना शुरू किया। आज एनवीडिया AI के लिए चिप बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में शामिल है। हुआंग शुरुआत से ही कंपनी के CEO हैं।
हर साल करोड़ों में मिलती है सैलरी
जेन्सेन हुआंग की कमाई का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनकी सालाना सैलरी करोड़ों रुपये में है। एनवीडिया की साल 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें कुल 36.34 मिलियन डॉलर यानी करीब 340 करोड़ रुपये का पैकेज मिला। इसमें उनकी बेसिक सैलरी करीब 14 करोड़ रुपये थी। इसके अलावा उन्हें लगभग 56 करोड़ रुपये का बोनस और करीब 232 करोड़ रुपये के शेयर मिले। कंपनी ने उनकी सुरक्षा, आने-जाने और दूसरी सुविधाओं पर भी करीब 38 करोड़ रुपये खर्च किए।
वहीं, वित्त वर्ष 2027 के लिए कंपनी ने उनकी बेस सैलरी बढ़ाकर 20 लाख डॉलर कर दी है। फोर्ब्स की 11 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति करीब 151.2 अरब डॉलर है। इस लिस्ट में वह दुनिया के 11वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं।
यह भी पढ़े -ईरान युद्ध और महंगाई ने डुबोई रिपब्लिकन पार्टी की नैया, जेडी वेंस ने बताईं हार की 4 बड़ी वजहें
निजी जिंदगी के खुलासों से बढ़ी मुश्किलें
मालूम हो कि, जेन्सेन हुआंग इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में उनके दो महिलाओं के साथ विवाहेतर संबंधों की बात सामने आई है। इनमें एलिस हुआंग और एनवीडिया की हेल्थकेयर वाइस प्रेसिडेंट किंबर्ली पॉवेल का नाम शामिल है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एलिस हुआंग को लेकर अमेरिकी एजेंसियों ने चीन के लिए जासूसी करने का शक जताया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, किंबर्ली पॉवेल के साथ कथित संबंधों को लेकर भी कंपनी में सवाल उठ रहे हैं। इन खबरों के बाद एनवीडिया के बोर्ड ने मामले की जांच शुरू कराई है। रॉयटर्स और वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड उनके CEO पद पर बने रहने को लेकर भी विचार कर रहा है। हालांकि, अभी उन्हें पद से हटाए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Created On :  
