Tamil Nadu News: 'मुझे राष्ट्रवाद का पाठ न पढ़ाएं', राष्ट्रीय सुरक्षा... विदेशी फंडिंग समेत कई मुद्दों पर अन्नामलाई ने केंद्र सरकार को घेरा

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु के पूर्व बीजेपी अध्यक्ष और पूर्व आईपीएस अधिकारी के. अन्नामलाई ने एक बड़ा बयान दिया है। इसमें उन्होंने राष्ट्रवाद, देश की एकता, युवाओं की राजनीति और राष्ट्रीय सुरक्षा का जिक्र किया है। साथ ही उन्होंने दो टूक कह दिया है कि उन्हें राष्ट्रवाद का पाठ न पढ़ाया जाए। उनका यह बयान पार्टी से अलग होने के काफी दिनों बाद आया है।
यह भी पढ़े -2023 के विवादित बयान से जुड़े केस को रद्द करने की मांग, अन्नामलाई की याचिका पर मद्रास हाई कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा
अपनी IPS ट्रेनिंग पर क्या कहा?
अन्नामलाई का कहना है, "आज मुझे अपने से बड़ा कोई राष्ट्रवादी दिखाइए, चाहे वह बीजेपी के भीतर हो या पूरे देश में। मेरा जन्म तमिलनाडु में हुआ, पढ़ाई लखनऊ में की, दो साल आंध्र प्रदेश में आईपीएस की ट्रेनिंग ली, एक साल दिल्ली में प्रशिक्षण लिया और नौ साल कर्नाटक में सेवा की। मैंने देश के अलग-अलग राज्यों में रहकर भारत की एकता और विविधता को समझा है। इसलिए मुझे कोई राष्ट्रवाद का पाठ न पढ़ाए।"
उन्होंने आगे कृष्णागिरी का जिक्र करते हुए कहा कि यहां अलग-अलग भाषा और संस्कृति के लोग बसते हैं, जो तमिल और भारतीय होने की पहचान के साथ आपस में मिलजुलकर रहते हैं। इसी से भारत की असली ताकत बनती है।
कर्नाटक-तमिलनाडु के रिश्ते पर क्या बताया?
अपने बयान में उन्होंने कर्नाटक और तमिलनाडु के रिश्तों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "हम ऐसा भारत चाहते हैं, जहां हर राज्य आगे बढ़े। गुजरात बढ़े, तमिलनाडु बढ़े, दिल्ली और हरियाणा भी बढ़ें। कर्नाटक की सीमा पर बैरिकेड लगाकर लोगों को रोकने के बजाय तमिलनाडु के ज्यादा लोग बेंगलुरु जाएं और कर्नाटक के लोग होसुर आएं। दोनों राज्यों के बीच संपर्क बढ़ेगा, तभी विकास होगा। अगर यहां तक मेट्रो आती है तो आने दीजिए।"
युवाओं को किया संबोधित
अन्नामलाई ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति सिर्फ सोशल मीडिया पर लाखों लाइक्स और तालियां बटोरने का जरिया नहीं है। इसका असली मकसद प्रशासनिक सत्ता तक पहुंचकर बदलाव करना होना चाहिए। उन्होंने आगे बताया कि पंचायत अध्यक्ष से लेकर मुख्यमंत्री तक का एक हस्ताक्षर लाखों लोगों की किस्मत बदल सकता है।
उन्होंने विदेशी फंडिंग और देशविरोधी गतिविधियों का जिक्र करते हुए कहा, "अगर कोई विदेशी फंडिंग लेकर देश में अशांति फैलाता है या विदेशी एजेंट के तौर पर काम करता है, तो उसे गिरफ्तार कर जेल में डालिए। ट्विटर पर बयानबाजी करने की जरूरत नहीं। केंद्र सरकार के पास IB, RAW, दिल्ली पुलिस और तमाम जांच एजेंसियां हैं। देश की संप्रभुता की रक्षा करना केंद्र सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।"
Created On :  
