SIR Controversy: रिजीम चेंज के बाद कांग्रेस की सत्ता वापसी पर अमित शाह का बड़ा दावा, केरल के चुनाव का किया जिक्र, राहुल गांधी की विदेश यात्रा पर बरसे

रिजीम चेंज के बाद कांग्रेस की सत्ता वापसी पर अमित शाह का  बड़ा दावा, केरल के चुनाव का किया जिक्र, राहुल गांधी की विदेश यात्रा पर बरसे
भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और SIR पर देशभर में घमासान जारी है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री ने इस मामले में बयान जारी किया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और SIR पर देशभर में घमासान जारी है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री ने इस मामले में बयान जारी किया है। उन्होंने अपने इस बयान में विपक्ष को घेरने का काम किया है। उनका कहना है कि धरना-प्रदर्शन से कुछ भी नहीं होने वाला है, बल्कि जनता के दुख-दर्द को समझने की जरूरत है।

अमित शाह ने की भविष्यवाणी!

केंद्रीय मंत्री ने भविष्यवाणी करते हुए कहा, "जब मैं कहता हूं कि 30 साल तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार रहेगी। ये जनता से कहते हैं कि देखो, वोट चोरी है। वरना अमित शाह को कैसे मालूम पड़ा? अरे भाई, अमित शाह तो यहां जन्मा है। यहां रहता है और यहीं मरेगा। हर छह माह में मुझे विदेश नहीं जाना पड़ता है। मैं तो देश की जनता के बीच में रहता हूं। आप जिस तरह से नकारात्मक राजनीति कर रहे हो, उसके आधार पर मैं कहता हूं कि अगले 30 साल तक, 2014 से 30 तक, आपकी सरकार कभी नहीं बनने वाली है। मेरी बात सुन लो।"

वोट चोरी के आरोपों पर दी प्रतिक्रिया

गौरतलब है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी लगातार वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और भाजपा के अन्य नेताओं के पुराने बयान चलाइए और उनसे पूछिए कि इन्हें पहले से कैसे पता चल गया कि भाजपा कब तक सत्ता में रहने वाली है। इसी को लेकर अमित शाह ने जवाब दिया है।

केंद्रीय मंत्री का जवाब

दिल्ली के एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने जवाब देते हुए कहा, "अभी-अभी केरल में चुनाव हुआ। यही मतदाता सूची, यही इलेक्शन कमिश्नर, यही ईवीएम। आपने शपथ ले ली, आप चुनाव जीत गए, इलेक्शन कमीशन अच्छा है। तेलंगाना में आप जीत गए, इलेक्शन कमीशन अच्छा है। मतदाता सूची भी अच्छी है। हिमाचल में जीत गए तो इलेक्शन कमीशन अच्छा है, मतदाता सूची अच्छी है। तमिलनाडु में जिनका आप समर्थन कर रहे हैं, वे जीत गए। इलेक्शन कमीशन अच्छा है, मतदाता सूची अच्छी है और जहां हार जाते हो, वहां इलेक्शन कमीशन ठीक नहीं है।"

अदालतों के फैसलों पर विपक्ष पर बरसे

अमित शाह ने अदालतों के फैसलों पर विपक्ष को घेरा और कहा, "आपके पक्ष में अगर अदालतें फैसला देती हैं तो अदालतें अच्छी हैं। आपके विपक्ष में फैसला देती हैं, आपके विरोध में देती हैं तो अदालतें ठीक नहीं हैं। ये दोहरे मानदंड नहीं चलेंगे। राहुल जी, जनता आपको जान चुकी है। आप आसपास के प्रदेशों से कैडर इकट्ठा करके दिल्ली में प्रदर्शन कर जनता के जनादेश को झुठला नहीं सकते। मैं आज कहने आया हूं कि देश की जनता आपको देख भी रही है, जान भी रही है।"

राहुल गांधी के विदेश दौरे पर क्या बोले?

भाजपा नेता अमित शाह ने राहुल गांधी के विदेश दौरे पर तंज कसा है। साथ ही कहा, "मुझे मालूम है, आप मेरी आवाज नहीं सुन सकते। आप विदेश में कहीं बैठे हो। क्यों बैठे हैं, यह बताते भी नहीं हो। मगर कोई बात नहीं, वह आपकी निजी जिंदगी है। परंतु एक बार आप दिल्ली लैंड कर जाइए। मेरी बात सुनकर रखना, अगले 30 साल तक आपका नंबर नहीं लगने वाला है। भारतीय जनता पार्टी के बूथ के कार्यकर्ता से लेकर नरेंद्र मोदी तक करोड़ों-करोड़ों कार्यकर्ता जनता के बीच में रहते हैं। उनके दुख को जानते हैं। दुख का उपाय करने के लिए मेहनत करते हैं।"

Created On :   22 Oct 2026 3:49 PM IST

Tags

Next Story